राष्ट्रीय
13-Jun-2026


वाराणसी,(ईएमएस)। वाराणसी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विज्ञान भारती के 7वें राष्ट्रीय अधिवेशन का उद्घाटन कर विदेशी शक्तियों और वामपंथी विचारधारा पर जमकर निशाना साधा। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि लंबे समय तक हमारे देश में यह गलत धारणा रही कि भारतीय किसी काम के नहीं और केवल विदेशी ही श्रेष्ठ हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इन विदेशी शक्तियों, वामपंथी विचारधारा और भारत-विरोधी तत्वों ने देश को कमजोर करने की कोशिश की है और आज भी ऐसी ताकते सक्रिय हैं जो हमारी प्रगति में बाधा डालना चाहती हैं। गंगा नदी के महत्व पर प्रकाश डालकर सीएम योगी ने अपने बचपन का एक मार्मिक अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि कैसे उनकी मां पौधों पर कीड़े लगने या फूल न आने की स्थिति में गंगाजल का छिड़काव करती थीं, और आश्चर्यजनक रूप से कुछ ही दिनों में वे पौधे फिर से खिल उठते थे। इस घटना ने उन्हें गंगा के पावन जल के आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और वैज्ञानिक महत्व का गहरा एहसास कराया। मुख्यमंत्री ने काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के स्वतंत्रता भवन में आयोजित महत्वपूर्ण अधिवेशन का उद्घाटन किया। इस मौके पर बीएचयू कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने मुख्यमंत्री का अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत और सम्मान किया। विज्ञान भारती का यह दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन 13 और 14 जून को आयोजित किया जा रहा है, जिसमें देश-विदेश से लगभग 1200 प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। इन प्रतिभागियों में वैज्ञानिक, शोधकर्ता, शिक्षाविद, नीति-निर्माता और उद्योग जगत के विशेषज्ञ सहित विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिष्ठित व्यक्ति शामिल हैं। आशीष दुबे / 13 जून 2026