राज्य
13-Jun-2026


इन्दौर (ईएमएस) एक दर्दनाक सड़क हादसे में नगर निगम वर्कशॉप में कार्यरत ट्रैक्टर ड्राइवर मनोज चंदेल उम्र तीस साल की मौत हो गई। हादसा एरोड्रम थाना क्षेत्र में मेट्रो साइट पर हुआ जहां मेट्रो प्रोजेक्ट का निर्माण कार्य लापरवाही पूर्वक किया जा रहा है। हादसे के बारे में बताया जा रहा है कि मनोज अपनी ड्यूटी खत्म कर बाइक से अपने घर जंबूड़ी गांव लौट रहा था तभी एक तेज रफ्तार कार के कारण उसका संतुलन बिगड़ा और वो मेट्रो निर्माण के लिए सड़क किनारे निकले हुए सरिए पर जा गिरे। सरिया सीधा उसके सीने के आर-पार हो गया जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों की धज्जियां उड़ाई गई है और सरिए तथा पाइप खतरनाक तरीके से निकले हुए हैं जो रात में राहगीरों के लिए मौत का सबब बन रहे हैं। उनका कहना है कि प्रशासन और निर्माण एजेंसी की ढिलाई के कारण आए दिन यहां लोग चोटिल हो रहे हैं। वहां कोई चेतावनी बोर्ड या वैरिकेडिंग भी नहीं की गई है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम हेतु भिजवा लापरवाही के पहलुओं से भी जांच कार्रवाई शुरु कर दी है। आनंद पुरोहित/ 13 जून 2026