:: अमेच्योर और सरताज अकादमी के संयुक्त तत्वावधान में जुटेंगे जूनियर खिलाड़ी, उभरती प्रतिभाओं को भी मिलेगा पुरस्कार :: इंदौर (ईएमएस)। शहर की जूनियर बैडमिंटन प्रतिभाओं को मंच देने के लिए अमेच्योर बैडमिंटन एकेडमी और सरताज अकादमी के संयुक्त तत्वावधान में स्मैश ट्रॉफी अंतर अकादमी बैडमिंटन स्पर्धा का आयोजन रविवार, 14 जून से होने जा रहा है। इस एक दिवसीय स्पर्धा के सभी मुकाबले अमेच्योर बैडमिंटन एकेडमी के कोर्ट पर खेले जाएंगे। प्रतियोगिता में 9, 11, 13, 15 और 17 वर्ष से कम आयु के बालक-बालिका वर्गों में एकल (सिंगल्स) मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। सरताज अकादमी के प्रबंध निदेशक व मुख्य प्रशिक्षक धर्मेश यशलहा ने बताया कि रविवार सुबह 11 बजे से अमेच्योर बैडमिंटन एकेडमी के तीन कोर्ट्स पर मैच शुरू होंगे। इस अंतर अकादमी स्पर्धा का यह तीसरा संस्करण है, जबकि इससे पूर्व दूसरा आयोजन मार्च माह में लीग आधार पर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ था। :: नए स्कोरिंग सिस्टम और फेदर शटलकॉक से होंगे मैच :: स्पर्धा को लेकर तकनीकी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। सभी मुकाबले योनेक्स फेदर शटलकॉक से खेले जाएंगे। खिलाड़ियों को आधुनिक खेल पद्धतियों से अभ्यस्त कराने के लिए मैच नए 15x3 गेम स्कोरिंग सिस्टम के आधार पर होंगे। टूर्नामेंट के अंत में विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया जाएगा। साथ ही, जूनियर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने के लिए स्पर्धा के सर्वश्रेष्ठ उभरते खिलाड़ी (बेस्ट इमर्जिंग प्लेयर) को भी विशेष पुरस्कार से नवाजा जाएगा। :: ग्रीष्मकालीन शिविर के बच्चों को मिलेगा मौका :: वर्तमान में सरताज अकादमी और अमेच्योर बैडमिंटन एकेडमी में जूनियर खिलाड़ियों के लिए ग्रीष्मकालीन बैडमिंटन प्रशिक्षण शिविर संचालित किया जा रहा है। इस स्पर्धा के माध्यम से समर कैंप में कड़ा अभ्यास कर रहे बच्चों को अपनी खेल प्रतिभा और तकनीकों को आजमाने का बेहतरीन अवसर मिलेगा। प्रकाश/13 जून 2026