खेल
13-Jun-2026
...


इंदौर (ईएमएस)। इंदौर जिला टेबल टेनिस संगठन के तत्वावधान में आयोजित सत्र की द्वितीय इंदौर जिला रैंकिंग टेबल टेनिस स्पर्धा के फाइनल मुकाबले तय हो गए हैं। अभय प्रशाल में खेली जा रही इस स्पर्धा के बालिका अंडर-11 आयु वर्ग में भव्यांशी सोनी व दिशा रघुवंशी ने और बालक अंडर-11 आयु वर्ग में आर्या गुप्ता व कियान इंगले ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। बालिका अंडर-11 वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबलों में भव्यांशी सोनी ने शानदार खेल दिखाते हुए ईवा खान को एकतरफा मुकाबले में 3-0 से शिकस्त दी। वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में दिशा रघुवंशी ने अनिंदिता को 3-1 से हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई। इससे पहले खेले गए क्वार्टर फाइनल मैचों में भव्यांशी सोनी ने श्रेष्ठा चौरसिया को 3-0 से, ईवा खान ने सिद्धी दुबे को 3-1 से, अनिंदिता ने सवी पहाड़िया को 3-0 से और दिशा ने ईरा जैन को 3-0 से हराकर सेमीफाइनल का टिकट कटाया था। बालक अंडर-11 के सेमीफाइनल में आर्या गुप्ता ने अयान डगरिया को आसानी से 3-0 से परास्त किया। दूसरे बेहद रोमांचक सेमीफाइनल में कियान इंगले ने अयांश मालू को 3-2 से मात देकर फाइनल का सफर तय किया। क्वार्टर फाइनल में आर्या गुप्ता ने निवारण को 3-0 से, अयान डगरिया ने मृणाल सिंह ठाकुर को 3-1 से, कियान इंगले ने रचित जोशी को 3-0 से और अयांश मालू ने यदुवीर सिंह को 3-0 से हराया था। बालक अंडर-13 वर्ग के क्वार्टर फाइनल मैचों में आर्यन ठाकुर ने कियान इंगले को 3-0 से, आरव कासठ ने अद्विक जैन को 3-0 से, पुण्यांश जैन ने निर्वाण को 3-0 से और साकार भार्गव ने अयांश मालू को 3-0 से हराकर अंतिम चार (सेमीफाइनल) में प्रवेश किया। प्रकाश/13 जून 2026