अहमदाबाद (ईएमएस)| गुजरात पुलिस विभाग में लोकरक्षक दल (एलआरडी) भर्ती की महत्वपूर्ण लिखित परीक्षा रविवार को आयोजित की जाएगी। राज्य की इस बड़ी परीक्षा का आयोजन अहमदाबाद, सूरत, राजकोट, भावनगर, आनंद और गांधीनगर समेत छह प्रमुख शहरों में किया जाएगा। अभ्यर्थी शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित माहौल में परीक्षा दे सकें, इसके लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। राज्यभर में कुल 789 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 2,63,345 अभ्यर्थी अपनी किस्मत आजमाएंगे। परीक्षा का समय सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। परीक्षा में किसी भी प्रकार की अनियमितता रोकने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं तथा कड़ी पुलिस सुरक्षा व्यवस्था की गई है। प्रशासन ने परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए विशेष निगरानी की व्यवस्था भी की है। इस भर्ती परीक्षा में सबसे अधिक अभ्यर्थी अहमदाबाद जिले से पंजीकृत हुए हैं। अहमदाबाद शहर और ग्रामीण क्षेत्र को मिलाकर कुल 88,700 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इनमें अहमदाबाद शहर के 146 केंद्रों पर 44,700 तथा अहमदाबाद ग्रामीण क्षेत्र के 149 परीक्षा केंद्रों पर 44,000 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। भर्ती बोर्ड ने सभी अभ्यर्थियों से समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचने और निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की है। सतीश/13 जून