राज्य
13-Jun-2026
...


:: म.प्र. प्रीम‍ियर लीग : उज्जैन के 231 रनों के विशाल पहाड़ पर भारी पड़ी अकील की 107 रनों की नाबाद पारी, रीवा ने एक ओवर शेष रहते दर्ज की रोमांचक जीत :: इंदौर (ईएमएस)। होल्कर स्टेडियम पर रविवार को क्रिकेट प्रेमियों को चौकों-छक्कों का ऐसा चक्रवात देखने को मिला जिसने टी20 क्रिकेट के तमाम पैमानों को ध्वस्त कर दिया। मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग 2026 के 25वें मुकाबले में रीवा जैगुआर्स ने मोहम्मद अरहम अकील की हैरतअंगेज शतकीय पारी की बदौलत उज्जैन फाल्कंस को 5 विकेट से करारी शिकस्त दी। उज्जैन फाल्कंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए कप्तान चंचल राठौर (71 रन) की मदद से 4 विकेट पर 231 रनों का एवरेस्ट जैसा स्कोर खड़ा किया था। जवाब में रीवा जैगुआर्स ने महज 19 ओवरों में 5 विकेट खोकर 234 रन बनाते हुए एक असंभव सी दिखने वाली जीत अपनी झोली में डाल ली। इससे पहले, टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी उज्जैन फाल्कंस की शुरुआत भले ही धीमी रही, लेकिन कप्तान चंचल राठौर ने मैदान संभालते ही रीवा के गेंदबाजों पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने महज 38 गेंदों पर 6 छक्के और 5 चौकों की मदद से 71 रनों की कप्तानी पारी खेली। मध्यक्रम में यश दुबे ने 40 गेंदों पर संभलकर खेलते हुए नाबाद 49 रन बनाए। अंतिम ओवरों में ओजस्व यादव ने चक्रवाती बल्लेबाजी का मुजाहिरा पेश करते हुए केवल 14 गेंदों पर 6 गगनचुंबी छक्के जड़कर 44 रन कूट डाले। वहीं आर्यन पांडे ने भी अंत में मात्र 9 गेंदों पर नाबाद 28 रन बनाकर टीम का स्कोर 231 तक पहुँचाया। रीवा की ओर से अंकित कुशवाहा सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 39 रन देकर 2 विकेट चटकाए। 232 रनों के पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करने उतरी रीवा जैगुआर्स की शुरुआत तेज रही। हालांकि, कप्तान पृथ्वीराज सिंह तोमर (24) और अक्षत रघुवंशी (21) बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे और टीम ने 160 रन पर अपने 5 विकेट खो दिए थे, जिससे मैच पूरी तरह फंसा हुआ लग रहा था। यहाँ से मैदान पर मोहम्मद अरहम अकील नाम का वो तूफान आया जिसने उज्जैन के गेंदबाजों की लाइथ-लेंथ बिगाड़ दी। अकील ने मैदान के चारों ओर चौके-छक्कों की ऐसी झड़ी लगाई कि होल्कर स्टेडियम में बैठा हर दर्शक मंत्रमुग्ध हो गया। उन्होंने मात्र 49 गेंदों में नाबाद 107 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 7 लंबे छक्के शामिल थे। संकट के समय क्रीज पर आए अथर्व महाजन ने अकील का बखूबी साथ निभाया। महाजन ने सिर्फ 17 गेंदों पर नाबाद 29 रनों की बहुमूल्य और सूझबूझ भरी पारी खेली। दोनों के बीच छठे विकेट के लिए महज 29 गेंदों में 74 रनों की अटूट और मैच जिताऊ साझेदारी हुई। 19वें ओवर में आर्यन पांडे को महाजन ने रिमांड पर लेते हुए मैच को पूरी तरह रीवा की मुट्ठी में ला दिया। अंतिम ओवर की पहली ही गेंद पर अकील ने चौका जड़कर अपनी टीम को 5 विकेट से ऐतिहासिक जीत दिला दी। उज्जैन की ओर से अधीर प्रताप सिंह ने 2 विकेट लिए, लेकिन वे अपनी टीम को हार से नहीं बचा सके। शतकीय महानायक मोहम्मद अरहम अकील को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। :: संक्षिप्त स्कोर :: उज्जैन फाल्कंस : 20 ओवर में 231/4 (चंचल राठौर 71, यश दुबे 49*, ओजस्व यादव 44; अंकित कुशवाहा 2/39) रीवा जैगुआर्स : 19 ओवर में 234/5 (मोहम्मद अरहम अकील 107*, अथर्व महाजन 29*, अधीर प्रताप सिंह 2/43) प्रकाश/13 जून 2026