मेहसाणा (ईएमएस)| विश्व रक्तदान दिवस के उपलक्ष्य में महेसाणा रेलवे स्टेशन पर आज एक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह सराहनीय पहल महेसाणा रेलवे स्टाफ के रेलवे सेवार्थ ग्रुप द्वारा की गई, जिसमें रेल कर्मियों और उनके परिवारों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मंडल रेल प्रबंधक, अहमदाबाद वेद प्रकाश एवं पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन अहमदाबाद की चेयरमैन श्रीमती शेफाली गुप्ता उपस्थित रहीं। रेलवे सेवार्थ ग्रुप के इस पुनीत कार्य में रेलवे कर्मचारियों और उनके परिजनों ने पूरे उत्साह के साथ सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए कुल 101 यूनिट रक्त एकत्रित किया। डीआरएम वेद प्रकाश ने सभी रक्तदाताओं को इस जीवनदायी योगदान के लिए बधाई दी और रेलवे सेवार्थ ग्रुप के सेवा भाव की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे सामाजिक सरोकार के कार्य करते रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए रक्तदान को मानवता की सेवा का सर्वोत्तम माध्यम बताया तथा समाज के प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति से नियमित रूप से रक्तदान करने का आह्वान किया। डब्ल्यूआरडब्ल्यूडब्ल्यूओ की चेयरमैन शेफाली गुप्ता ने कार्यक्रम के बेहतरीन प्रबंधन की जमकर सराहना की। इस दौरान उन्होंने एक बेहद महत्वपूर्ण और संवेदनशील सुझाव देते हुए कहा कि अहमदाबाद डिवीजन में रेलवे का खुद का एक समर्पित ब्लड बैंक होना चाहिए, ताकि आपातकालीन स्थिति में रेल कर्मचारियों और आमजन की त्वरित मदद की जा सके। समारोह के दौरान रक्तदाताओं की सराहना करते हुए दो अधिकारियों, सहायक वाणिज्य प्रबंधक-एफएम और सहायक मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर महेसाणा को उनके उत्कृष्ट सहयोग के लिए मुख्य अतिथियों द्वारा स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करने के लिए मंडल के वरिष्ठ अधिकारीगण भी मौजूद रहे, जिनमें वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर,वरिष्ठ मंडल इलैक्ट्रिक इंजीनियर-टीआरडी,वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर-जी,मंडल इंजीनियर-नॉर्थ एवं सहायक वाणिज्य प्रबंधक-एफएम उपस्थित रहे। सतीश/13 जून