राज्य
13-Jun-2026


:: माकपा के जन संघर्ष अभियान के तहत मजदूर-किसान करेंगे घेराव, गांधी हॉल में दोपहर 12 बजे से होगी सभा :: इंदौर (ईएमएस)। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) द्वारा ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में चलाए जा रहे जन संघर्ष अभियान का समापन 15 जून को एक बड़े आंदोलन के रूप में होने जा रहा है। सरकार की कॉर्पोरेट परस्त नीतियों, जमीन की चौतरफा लूट और अवैध बेदखली के विरोध में आगामी सोमवार (15 जून) को संभाग आयुक्त कार्यालय पर मजदूर और किसान संयुक्त रूप से उग्र प्रदर्शन करेंगे। इस प्रदर्शन से पूर्व दोपहर 12 बजे से गांधी हॉल प्रांगण में एक विशाल जनसभा का आयोजन भी किया गया है। :: हाट-बाजारों में पर्चा वितरण और बैठकें जारी :: माकपा द्वारा गत 15 मई से लगातार चलाए जा रहे इस महीने भर लंबे अभियान के दौरान आम जनता, मजदूरों और किसानों से बड़ी संख्या में शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इन्हीं जन-शिकायतों को लेकर अब सीधे प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोला जा रहा है। इस आंदोलन को सफल बनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा लगातार बैठकें की जा रही हैं, साथ ही शहर और ग्रामीण अंचलों के हाट-बाजारों में सघन जनसंपर्क कर पर्चे बांटे जा रहे हैं। सीपीएम के जिला सचिव अरुण चौहान, राज्य सचिव मंडल सदस्य कैलाश लिंबोदिया और सीटू के जिला सचिव सी.एल. सारवत ने संयुक्त रूप से शहर और ग्रामीण क्षेत्र के समस्त शोषित वर्ग, मजदूरों और किसानों से अधिक से अधिक संख्या में गांधी हॉल पहुँचने और इस जन आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है। प्रकाश/13 जून 2026