पात्र हितग्राहियों को योजनाओं के लाभ एवं स्वीकृति पत्र किए गए वितरित नर्मदापुरम/(ईएमएस)! कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के निर्देशानुसार एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत नर्मदापुरम के मार्गदर्शन में विश्व पर्यावरण दिवस एवं अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मध्य संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के विशेष अभियान अंतर्गत नगर परिषद सोहागपुर के मंगल भवन में विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करते हुए स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। जनकल्याण शिविर में हितग्राहियों के आवेदन, पंजीयन, स्वीकृति एवं लाभ वितरण की समस्त कार्यवाही एक ही स्थान पर संपन्न की गई। साथ ही नागरिकों की जन शिकायतों एवं लंबित प्रकरणों के निराकरण पर भी विशेष ध्यान दिया गया, जिससे आमजन को त्वरित राहत मिल सके। इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री जालम सिंह पटेल, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती लता यशवंत पटेल, नगर परिषद उपाध्यक्ष श्री आकाश रघुवंशी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रबल अरजरिया, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री धर्मेंद्र शर्मा, ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. रेखा सिंह गौर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे विशेष शिविरों के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी एवं लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने उपस्थित होकर विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा योजनाओं का लाभ लिया।