14-Jun-2026
...


लास एंजेलस (ईएमएस)। ब्रिटिश अभिनेत्री एमिलिया क्लार्क ने फैंटेसी सीरीज गेम ऑफ थ्रोन्स में अपने अद्भुत अभिनय से डेनेरेस तारगारयेन के किरदार को जीवंत किया था। लेकिन डेनेरेस के साथ सीरीज के आखिरी सीजन में जो हुआ, उसने सिर्फ लाखों दर्शकों को ही नहीं, बल्कि खुद एमिलिया क्लार्क को भी गहरा सदमा दिया था। अब सालों बाद अभिनेत्री ने उस पल को याद करते हुए खुलासा किया है कि जब उन्हें अपने प्रिय किरदार के दर्दनाक अंत के बारे में पता चला तो उन्हें अंदर तक झकझोर दिया था। एमिलिया क्लार्क ने बताया कि डेनेरेस तारगारयेन का अंत जिस तरह से दिखाया गया, वह उससे बिल्कुल भी खुश नहीं थीं। सीरीज में डेनेरेस को मदर ऑफ ड्रैगन्स और एक शक्तिशाली रानी के रूप में दिखाया गया था, और यह किरदार पूरी दुनिया में बेहद लोकप्रिय हुआ था। एमिलिया ने साल 2011 से 2019 तक इस भूमिका को निभाया और इस किरदार ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ी पहचान दिलाई। सीरीज के आखिरी एपिसोड में डेनेरेस की मौत दिखाए जाने का फैसला लंबे समय तक चर्चा और विवादों का विषय रहा था, जिससे कई प्रशंसक भी निराश हुए थे। कहानी के अनुसार, जॉन स्नो, जिसका किरदार किट हैरिंगटन ने निभाया था, राज्य और दुनिया को बचाने के लिए डेनेरेस की हत्या कर देता है। एमिलिया ने अपनी भावनाओं को व्यक्त करते हुए कहा, इस कहानी के मोड़ ने मुझे अंदर तक झकझोर दिया था। डेनेरेस के आखिरी शब्द जॉन स्नो के लिए थे, वे दोनों मिलकर दुनिया को एक बेहतर जगह बनाने की बातें कर रहे थे, लेकिन अगले ही पल जॉन स्नो उसे मार देता है। अभिनेत्री ने इस पूरे घटनाक्रम पर अपनी गहरी नाराजगी और आश्चर्य भी जाहिर किया। उन्होंने कहा, मुझे यह बेहद अजीब लगा था। डेनेरेस ने जॉन स्नो के लिए सब कुछ किया, यहां तक कि उसके लिए शहरों को भी तबाह कर दिया, लेकिन आखिर में उसी ने उसे मार दिया। उस समय मैं इस फैसले से बेहद नाराज थी। मेरे लिए अपने किरदार के इस अचानक और दुखद अंत को स्वीकार करना आसान नहीं था। एमिलिया ने उस पल को याद करते हुए बताया, जब मैंने पहली बार आखिरी सीजन की स्क्रिप्ट पढ़ी थी, तब मैं छुट्टियों से वापस लौटी थी। फोन ऑन करते ही मुझे स्क्रिप्ट मिली और मैं उसे तुरंत पढ़ने बैठ गई। पूरी कहानी पढ़ने के बाद मैं इतनी हैरान रह गई कि कुछ समय तक समझ ही नहीं पाई कि आगे क्या करना है। मैं घर से बाहर निकल गई और कई घंटों तक अकेले घूमती रही। उस दौरान मैं अपनी चाबियां, फोन और कई जरूरी चीजें तक भूल गई थी, क्योंकि मेरा ध्यान पूरी तरह कहानी और डेनेरेस के अंत पर केंद्रित था। एमिलिया ने आगे बताया, किसी भी प्रोजेक्ट के खत्म होने पर कलाकार भावुक हो जाते हैं, लेकिन इस बार स्थिति बिल्कुल अलग थी। मेरे लिए यह सिर्फ एक शो नहीं था, बल्कि मेरे जीवन और करियर का सबसे महत्वपूर्ण अध्याय था। यही वह सीरीज थी जिसने मुझे दुनिया भर में एक पहचान दिलाई और मेरे अभिनय को एक नई ऊंचाई दी। एमिलिया ने यह भी साझा किया कि जब शो समाप्त हुआ, उसी दौरान कोरोना महामारी भी शुरू हो गई थी। सुदामा/ईएमएस 14 जून 2026