जबलपुर, (ईएमएस)। ग्लोबल विंड डे-2026 के अवसर पर गोवा में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में मध्य प्रदेश को उभरती नवीकरणीय ऊर्जा अवसंरचना उत्कृष्टता सम्मान से नवाजा गया। यह सम्मान केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने मध्य प्रदेश के ऊर्जा सचिव विशेष गढ़पाले को प्रदान किया। “पवन ऊर्जा : महत्वाकांक्षा से तीव्र क्रियान्वयन तक” विषय पर आयोजित सम्मेलन में केंद्र एवं राज्य सरकारों, डिस्कॉम्स, सार्वजनिक उपक्रमों, पवन ऊर्जा उद्योग तथा ऊर्जा क्षेत्र के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सम्मेलन का आयोजन मिनिस्ट्री ऑफ न्यू एंड रिन्यूवेबल एनर्जी द्वारा गोवा ऊर्जा विकास एजेंसी के सहयोग से किया गया। सम्मेलन में भारत की स्वच्छ ऊर्जा परिवर्तन प्रक्रिया में पवन ऊर्जा की बढ़ती भूमिका, ऊर्जा सुरक्षा, आर्थिक विकास तथा हरित रोजगार सृजन जैसे विषयों पर चर्चा हुई। मध्य प्रदेश को मिला यह सम्मान राज्य में नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में विकसित हो रही मजबूत अधोसंरचना और उल्लेखनीय प्रगति का राष्ट्रीय स्तर पर मिला महत्वपूर्ण गौरव माना जा रहा है।