राष्ट्रीय
24-Jan-2023
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। साल 2016 में सेना द्वारा की गई सर्जिकल स्ट्राइक पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय के बयान से कांग्रेस ने किनारा कर लिया है। कांग्रेस संचार प्रमुख जयराम रमेश ने दिग्विजय सिंह के बयान पर सफाई देते हुए कहा कि उनका यह निजी बयान है। कांग्रेस का इससे कोई लेना देना नहीं है। उन्होंने एक ट्वीट के जरिए कहा कि वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह द्वारा व्यक्त किए गए विचार उनके अपने हैं और कांग्रेस का इससे कोई लेना देना नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने राष्ट्रीय हित में सभी सैन्य कार्रवाइयों का समर्थन किया है और समर्थन करना जारी रखेगी। उल्लेखनीय है कि जम्मू कश्मीर में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान एक जनसभा को संबोधित करते हुए दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के कर्मियों को श्रीनगर से दिल्ली हवाई मार्ग से लाने के उसके (सीआरपीएफ के) अनुरोध पर सहमत नहीं हुई थी और पुलवामा में 2019 के एक आतंकी हमले में 40 सैनिकों को अपना बलिदान देना पड़ा था। अपनी टिप्पणियों से अक्सर विवाद पैदा करने वाले मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा वे सर्जिकल स्ट्राइक की बात करते हैं। वे कई लोगों को मारने की बात करते हैं लेकिन कोई सबूत नहीं दिया। वे झूठ के सहारे देश पर शासन कर रहे हैं। दिग्विजय सिंह के इस विवादित बयान के बाद कांग्रेस ने उनके बयान से किनारा करते हुए इस मुद्दे पर पार्टी के स्टैंड से लोगों को अवगत कराया है। अनिरुद्ध ईएमएस 24 जनवरी 2023