अंतर्राष्ट्रीय
03-Feb-2023
...


लंदन (ईएमएस)। सिख साम्राज्य के आखिरी शासक महाराजा दलीप सिंह की बेटी और महारानी विक्टोरिया की धर्मपुत्री सोफिया दलीप सिंह को लंदन में स्मृति स्वरूप ब्लू प्लैक से सम्मानित किया जाएगा। सन 1900 के दशक में ब्रिटेन में महिलाओं के मतदान के अधिकार के लिए लड़ने वालों में राजकुमारी सोफिया भी शामिल थीं। इंग्लिश हेरिटेज चैरिटी की ओर से संचालित ब्लू प्लैक स्कीम ऐतिहासिक व्यक्तियों से जुड़ी विशेष इमारतों के ऐतिहासिक महत्व का सम्मान करती है। इसके 2023 के दस्ते में ब्रिटिश भारतीय राजकुमारी का 19वीं सदी का घर भी शामिल है। सोफिया दलीप सिंह का जन्म पंजाबी शाही परिवार में 1876 में हुआ था। वह सिख साम्राज्य के संस्थापक महाराजा रंजीत सिंह की पोती थीं। इंग्लिश हेरिटेज ने इस हफ्ते अपनी घोषणा में कहा है कि महाराज दलीप सिंह की बेटी और रानी विक्टोरिया की धर्मपुत्री राजकुमारी सोफिया दलीप सिंह एक सक्रिय आन्दोलकारी थीं। उन्होंने महिला मताधिकार के लिए समर्थन जुटाने करने के लिए अपने शाही खिताब का भरपूर इस्तेमाल किया। उनके पास पहले से ही हॉलैंड पार्क (लंदन) में एक प्लैक है। बताया गया है कि प्लैक हैम्पटन कोर्ट पैलेस के पास उस बड़े घर को चिह्नित करेगी जिसे महारानी विक्टोरिया ने 1896 में सोफिया और उनकी बहनों को अनुग्रह के तौर पर अपार्टमेंट के रूप में प्रदान किया था। सोफिया: प्रिंसेस सफ़्रागेट रेवोल्यूशनरी की लेखिका ब्रिटिश भारतीय लेखिका अनीता आनंद ने ऐतिहासिक नायिका को ब्लू प्लैक से नवाजे जाने की घोषणा पर उत्साह व्यक्त किया है। आनंद ने कहा राजकुमारी सोफिया दलीप सिंह को आखिरकार वह पहचान मिलेगी जिसकी वह हकदार हैं। सोफिया दलीप सिंह ने न सिर्फ महिलाओं के मताधिकार के लिए काम किया बल्कि उन्होंने प्रथम विश्व युद्ध के दौरान पश्चिमी मोर्चे पर भारतीय सैनिकों की भी मदद की। भारत की आजादी में भी उनके योगदान को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। सोफिया दलीप सिंह ने 1907 में भारत की यात्रा की थी। यहां उनकी मुलाकात भारतीय स्वतंत्रता सेनानियों से हुई जिसके बाद उनके भीतर क्रांति की भावना ने जन्म लिया।