क्षेत्रीय
04-Feb-2023
...


-जल्द अधिकारियों को ज्ञापन देकर समस्याओं का करवाया जाएगा समाधान: लखा सिंह अलीकां सिरसा (ईएमएस)। हरियाणा किसान मंच की एक मीटिंग गांव थिराज में आयोजित की गई। मीटिंग की अध्यक्षता मंच के प्रधान लखा सिंह अलीकां ने की। इस मौके पर किसानों और मजदूरों की समस्याओं को लेकर विचार-विमर्श किया गया। लखा सिंह अलीकां ने बताया कि सरकार काफी समय से तानाशाही नीतियों पर उतारू है, जिसके कारण आमजन को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर किसानों व मजदूरों को कई दिक्कतें झेलनी पड़ रही है। 2022 में बेमौसमी बरसात व गुलाबी सुंडी से खराब हुई फसलों का मुआवजा अभी तक किसानों को नहीं दिया गया है, जबकि उनके खातों से बीमा राशि काट ली गई है। इसके साथ-साथ सरकार द्वारा बनाई गई परिवार पहचान पत्र आईडी गरीब लोगों के गले की फांस बन गई है। आईडी बनाने वाले कर्मचारियों की गलतियों के कारण गरीब लोगों की आय 2 लाख से अधिक दर्शाकर गरीबों के मुंह से निवाला छीनने का प्रयास किया जा रहा है। हजारों गरीब लोगों के इसी गलती के कारण राशन कार्ड काट दिए गए। उन्होंने कहा कि जल्द इस संबंधी अधिकारियों को ज्ञापन देकर समस्याओं के समाधान की मांग की जाएगी। समय रहते सरकार व प्रशासन ने कोई सुध नहीं ली तो पक्का मोर्चा लगाने पर विचार किया जाएगा। इस मौके पर गुरदीप सिंह बाबा झिड़ी, नायब सिंह, जिंदा सिंह, प्रकाश सिंह, हरदेव सिंह लहंगेवाला, दर्शन सिंह सिरसा, मलकीत भुल्लर, निर्मल थिराज, मग्घर सिंह, सतनाम सिंह, सर्बजीत पनिहारी, गुरनाम सिंह पक्का मारू, बिकर सिंह झिड़ी, त्रिलोचन सिंह नागोकी, सतनाम सिंह पंजमाला, लाल सिंह मलड़ी सहित अन्य मंच सदस्य उपस्थित थे। सतीश बंसल/04/02/2023