26-Mar-2023
...


ब्रिटेन के महाराजा की राजकीय यात्रा स्थगित पेरिस (ईएमएस)। फ्रांस में सेवानिवृत्ति की आयु बढ़ाने के खिलाफ शुक्रवार को भी अलग-अलग स्थानों पर प्रदर्शन जारी रहा, जिसके कारण ट्रेन यातायात मंद पड़ गया और मार्सिले के वाणिज्यिक बंदरगाह तक ट्रकों की कतारें लग गईं। प्रदर्शनों के मद्देनजर अधिकारियों ने ब्रिटेन के महाराजा चार्ल्स तृतीय की प्रस्तावित राजकीय यात्रा स्थगित कर दी। वहीं, बृहस्पतिवार को देश में हुए व्यापक प्रदर्शन के कारण मची तबाही सड़कों पर शनिवार को भी नजर आई। पेरिस में और आसपास से बृहस्पतिवार को 450 से अधिक प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया गया। फ्रांस के गृह मंत्री गेराल्ड डारमैनिन ने गत दिवस बताया कि मार्च के दौरान हिंसा होने से करीब 441 पुलिस कर्मी व अन्य अधिकारी घायल हो गए। उन्होंने बताया कि एक दिन पहले हुए प्रदर्शन में फ्रांस की राजधानी में एक हजार कूड़ेदान में आग लगा दी गई थी। एक सप्ताह से जारी कूड़ा उठाने वालों की हड़ताल के बीच कूड़ेदान विरोध का प्रतीक बन गए हैं। मैक्रों के कार्यालय ने घोषणा की कि ब्रिटेन के महाराजा की राजकीय यात्रा स्थगित कर दी गई है। महाराजा बनने के बाद चार्ल्स तृतीय पहली विदेश यात्रा पर रविवार को फ्रांस आने वाले थे। इसके बाद बुधवार को उन्हें जर्मनी जाना था। जर्मनी की उनकी यात्रा का कार्यक्रम तय है। फ्रांस के ऊर्जा पारगमन मंत्री एग्नेस पेन्नर रंचर के अनुसार पुलिस के हस्तक्षेप के बाद नॉरमंडी स्थित रिफाइनरी में तेल की आपूर्ति शुक्रवार को बहाल हुई। हालांकि, प्रदर्शनकारी आगे रिफाइनरी में आपूर्ति को बाधित करने को लेकर बैठकें कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों ने प्रधानमंत्री एलिजाबेथ बोर्न को विशेष संवैधानिक शक्ति का उपयोग करने का आदेश दिया था। उनके इस आदेश के बाद संसद को सेवानिवृत्ति की आयु 62 से बढ़ाकर 64 करने के अति विवादित विधेयक को बिना मतदान के मंजूरी देने के लिए विवश किया गया था। दिलीप/ईएमएस 26 मार्च 2023