ट्रेंडिंग
27-Sep-2023
...


इंदौर को देश की सबसे स्मार्ट सिटी का खिताब इंदौर (ईएमएस)। एमपी के इंदौर में होने वाली स्मार्ट सिटी की नेशनल कान्फ्रेंस में शामिल होने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पहुंचीं। यहां उन्होंने इंदौर सहित 15 से अधिक शहरों को स्मार्ट सिटी के पुरस्कार वितरित किए। भारत के सबसे स्वच्छ शहर के रूप में इंदौर ने अपना स्थान बनाए रखा है। इसके साथ ही स्मार्ट सिटी में भी एमपी का इंदौर सबसे आगे है। सभी पुरस्कार विजेताओं को राष्ट्रपति ने बधाई दी। देश में क्लाइमेट चेंज एक बड़ा मुद्दा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि देश में क्लाइमेंट चेंज एक बड़ा मुद्दा है। हमें राष्ट्रीय स्तर पर इसके लिए काम करना होगा। शहरों में ग्रीन बिल्डिंग कॉन्सेप्ट आ रहा है किंतु यह पर्याप्त नहीं है। शहर में ग्रीन एनर्जी पर ध्यान दिया जा रहा है किंतु इस दिशा में और काम करने की आवश्यकता है। भारत के शहर देश की जीडीपी में दो तिहाई योगदान करते हैं। 2040 तक योगदान 40 फीसदी हो जाएगा। राष्ट्रपति ने कहा कि वर्ष 2047 में भारत की शहरी आबादी 87 करोड़ हो जाएगी। आज देश की जीडीपी में दो तिहाई हिस्सा 100 स्मार्ट शहरों का है। 2047 तक यह 80 प्रतिशत तक हो जाएगा। मुख्यमंत्री ने की इंदौर की तारीफ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि इंदौर हर दौर में आगे रहने का आदी हो चुका है। इंदौर मालवा का चंदन है। इंदौर सबको दिल से अपनाते हैं, जो आता है वह यहीं का होकर रह जाता है। सफाई में अनमोल प्रयास इंदौर ने किए। पूरे देश में मिसाल बन चुका है। इंदौर में स्वच्छता जन आंदोलन का रूप ले चुकी है। स्वच्छता का भाव इंदौर के हर आदमी में है। सीएम ने कहा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने कहा था हर आदमी को अपना सफाई कर्मी होना चाहिए। पीएम मोदी ने इसे अपने आचरण में अपनाया, उन्होंने स्वच्छता को मिशन बनाया। बेस्ट स्टेट कैटेगरी में एमपी को पहला स्थान नेशनल सिटी अवार्ड में बेस्ट स्मार्ट सिटी का अवॉर्ड राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इंदौर को दिया। मेयर पुष्पमित्र भार्गव, सांसद शंकर लालवानी ने राष्ट्रपति के हाथों अवॉर्ड लिया। जबकि दूसरे नंबर पर सूरत शहर और तीसरे नंबर पर आगरा रहा। इंदौर को 6 कैटेगरी में अवार्ड मिले। देश में सबसे ज्यादा अवॉर्ड इंदौर ने हासिल किए। बेस्ट स्टेट का खिताब मध्यप्रदेश ने हासिल किया। राष्ट्रपति के हांथों मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने पुरस्कार ग्रहण किया। जबकि दूसरे नंबर पर तमिलनाडु और तीसरे नंबर पर राजस्थान व उत्तर प्रदेश को पुरस्कृत किया गया।