व्यापार
30-Nov-2023
...


मुंबई (ईएमएस)। भारतीय शेयर बाजार नवंबर के आखिरी कारोबारी दिन बढ़त के साथ बंद हुआ। बीएसई सेंसेक्स 86.53 अंक चढ़कर 66,988.44 और एनएसई निफ्टी 36.55 अंक की उछाल के साथ 20,133.15 अंक पर बंद हुआ। स्मॉलकैप, मिडकैप ने कमजोर बेंचमार्क लाभ से भारतीय बाजारों ने बेहतर प्रदर्शन किया। निफ्टी बैंक, पीएसबी इंडेक्स में गिरावट आई वहीं फार्मा, और रियल्टी सेक्टर में बढ़ोतरी देखने को मिली। गांधार ऑयल पहले ही दिन इश्यू प्राइस से 79 फीसदी ज्यादा चढ़ गया। वहीं दूसरी तरफ, करीब 2 दशक के बाद टाटा समूह की कोई कंपनी आईपीओ लेकर आई और गुरुवार को शेयर मार्केट में दमदार एंट्री मार दी। टाटा टेक्नोलॉजीज का शेयर गुरुवार को 1199.95 रुपये के प्राइस पर लिस्ट हुआ। इसका मतलब यह है कि आईपीओ में निवेशकों को 139.99 फीसदी का लिस्टिंग गेन मिला। सेंसेक्स की कंपनियों में अल्ट्राटेक सीमेंट, सन फार्मा, भारती एयरटेल, महिंद्रा एंड महिंद्रा, विप्रो, टाइटन, एक्सिस बैंक और बजाज फिनसर्व टॉप गेनर रहे। यानी इनके शेयरों में सबसे ज्यादा उछाल आया। वहीं गुरुवार के बाजार में इंडसइंड बैंक, एशियन पेंट्स, पावर ग्रिड, रिलायंस इंडस्ट्रीज, टाटा मोटर्स और भारतीय स्टेट बैंक शेयर बाजार में बढ़त बनाने में पीछे रह गए। एशियाई बाजारों में सियोल, टोक्यो, शंघाई और हांगकांग गेन के साथ बंद हुए। यूरोपीय बाजार भी पॉजिटिव नोट के साथ कारोबार कर रहे थे। बुधवार को अमेरिकी बाजार ज्यादातर गिरावट के साथ बंद हुए। वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.84 प्रतिशत चढ़कर 83.80 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। बुधवार को शेयर बाजारों ने तूफानी तेजी दर्ज की और स्टॉक लगातार दूसरे दिन पॉजिटिव नोट में बंद हुए। बाजार के दोनों प्रमुख इंडेक्स एक प्रतिशत से ज्यादा की बढ़त लेकर बंद हुए। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 727.71 अंक का उछाल लेकर 66,901.91 अंक पर बंद हुआ था। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 66,946.28 अंक स्तर तक भी पहुंच गया था। सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 27 के शेयर ग्रीन निशान में बंद हुए जबकि तीन कंपनियों के स्टॉक लाल निशान में रहे। आशीष दुबे / 30 नवबंर 2023