राज्य
06-Dec-2023
...


-महापरिनिर्वाण दिवस पर सभी ने संविधान निर्माता को अर्पित किए श्रद्धासुमन भोपाल,(ईएमएस)। संविधान निर्माता भारतरत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस के अवसर पर बुधवार को भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश भर में कार्यक्रम आयोजित कर श्रद्धासुमन अर्पित किये। मुख्यमंत्री समेत पार्टी नेताओं ने भारत रत्न डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा एवं चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। भोपाल के बोर्ड ऑफिस चौराहा स्थित अंबेडकर प्रतिमा पर मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंदजी ने पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ माल्यार्पण कर डॉ. अंबेडकर का पुण्य स्मरण किया। इससे पहले प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रदेश संगठन महामंत्री ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में बाबा साहब अंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। बोर्ड ऑफिस चौराहे पर मुख्यमंत्री शिवराज ने अंबेडकर प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित कर कहा कि बाबा साहब ने भारत का संविधान लिखा और हम संविधान को प्रणाम करते हैं। उन्होंने गरीबों, दलितों और शोषितों की जिंदगी बदलने के लिए लगातार संघर्ष किया। वहीं प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि अंबेडकर जी ने भारत के संविधान के निर्माण के अलावा सामाजिक न्याय के साथ राष्ट्रीय एकता और अंखडता को एक सूत्र में बांधने का काम किया। इस अवसर पर पूर्व प्रदेश संगठन महामंत्री माखनसिंह चौहान, पार्टी के प्रदेश महामंत्री रणवीर सिंह रावत, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल, विधायक श्रीमती कृष्णा गौर, महापौर श्रीमती मालती राय, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी जुगलकिशोर शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता सुश्री नेहा बग्गा, पैनलिस्ट सचिन वर्मा, श्रीमती वंदना मार्तण्ड त्रिपाठी, प्रदेश मीडिया विभाग के सदस्य सत्येन्द्र जैन, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष अजय पाटीदार, जिला मीडिया प्रभारी राजेंद्र गुप्ता सहित कार्यकर्ताओं ने श्रद्धासुमन अर्पित किए। हिदायत/06दिसंबर23