क्षेत्रीय
28-Mar-2024
...


इन्दौर (ईएमएस)। केंद्रीय सांई सेवा समिति धार्मिक एवं मानव सेवा ट्रस्ट द्वारा गुरूवार को द्वारकापुरी स्थित प्रजापत नगर से सांई बाबा की प्रभातफेरी निकाली गई। प्रभातफेरी के मार्ग में भक्तों ने सडक़ों पर फूलों की चादर बिछा सांई बाबा की पालकी व भक्तों की अगवानी की। अलसुबह भक्तों ने अभिषेक, पूजन व आरती कर सांई बाबा की पालकी को नगर भ्रमण कराया। प्रभातफेरी आयोजक मुकेश कराड़‍िया एवं गौतम सुरेंद्र पाठक ने बताया कि प्रजापत नगर में निकली सांई प्रभातफेरी में सामाजिक सरोकार के संदेशों के साथ ही शहर की जनता को मुक परिदों के लिए अपने घरों की छत पर दाना-पानी रखने का भी आग्रह किया गया। प्रभातफेरी के दौरान नगरवासियों को 17 अप्रैल राम नवमी पर्व पर निकलने वाली भव्य प्रभातफेरी का आमंत्रण व निमंत्रण भी इस दौरान दिया गया। सांई बाबा स्कूल से प्रारंभ प्रभातफेरी को आसपास की गलियों व मोहल्लों में निकाला गया जहां सभी भक्तों ने फूलों की वर्षा कर पालकी व सांई भक्तों का स्वागत किया। मार्ग में जगह-जगह पालकी का पूजन भी इस दौरान मातृशक्तियों द्वारा किया गया। भजन गायक कपिल कुमावत ने भजनों की प्रस्तुति से पूरे क्षेत्र को सांईमय कर दिया। प्रभातफेरी में रवि वर्मा, पिंकी भाटिया, जितेंद्र यादव, आलोक खादीवाला, किशोर दोरकर सहित हजारों की संख्या में सांई भक्त मौजूद थे। केंद्रीय सांई सेवा समिति धार्मिक एवं मानव सेवा ट्रस्ट अध्यक्ष गौतम सुरेंद्र पाठक ने बताया कि सांई बाबा महोत्सव 24 मार्च से 17 अप्रैल तक आयोजित किया जाएगा। जिसके तहत पूरे शहर में 24 दिनों तक 24 स्थानों से बाबा की प्रभातफेरी सुबह 5.30 से 7.30 बजे तक निकाली जाएगी। शुक्रवार 29 मार्च को श्याम नगर स्थित एमबी वीणा नगर से प्रभातफेरी अशोक पुरूषोत्तम गायकवाड़ के निवास स्थान से निकाली जाएगी।