राज्य
16-Apr-2024
...


भोपाल (ईएमएस)। शहर के भोज ओपन यूनिवर्सिटी में एक बार पुन: तेंदुए की मूवमेंट देखी गई। स्थानीय लोगों को यहां सोमवार रात करीब आठ बजे तेंदुए का मूवमेंट देखने को मिला है। वीडियो में तेंदुआ यूनिवर्सिटी का गेट उछलकर पार करता नजर रहा है। सूचना मिलने पर रात में ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरे लगाए। तेंदुए की हलचल से विश्वविद्यालय परिसर में बने आवासीय परिसर के लोगों के अलावा आसपास के लोग भी दहशत में आ गए। वन विभाग के अमले ने परिसर के भीतर बने आवासीय क्वाटर में रहने वाले लोगों को घरों में ही रहने को कहा है। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि हिंसक जानवर के परिसर में घूमनेल की जानकारी मिली थी। जिस पर टीम मौके पर पहुंची। जानवर तेंदुआ बताया जा रहा है। उसके घूमते हुए वीडियो भी टीम ने बनाए हैं। लोगों को घरों में रहने को कहा गया है। पिंजरे भी लगाए हैं। टीम तेंदुए को पकड़ने का प्रयास कर रही है। इस घटना का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया के अलग - अलग माध्यमों पर बहुप्रसारित हो रहा है। सुदामा नरवरे/ 16 अप्रैल 2024