राज्य
16-Apr-2024


गांधीनगर (ईएमएस)| दहेगाम के निकट कार और ऑटो रिक्शा के बीच हुई दुर्घटना में एक महिला का सिर धड़ से अलग हो गया और करीब 10 फूट दूर जाकर गिरा| इस घटना में एक महिला की मौत और रिक्शा में सवार अन्य लोग घायल हो गए| डभोडा पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है| जानकारी के मुताबिक रखियाल निवासी भावना मकवाणा परिवार के 4 सदस्य ऑटो रिक्शा में सवार होकर डभोडा की ओर जा रहे थे| उस दौरान गांधीनगर के दहेगाम के निकट सामने से आ रही तेज रफ्तार इनोवा कार ने ऑटो रिक्शा को टक्कर मार दी| टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि रिक्शा के परखच्चे उड़ गए| इस हादसे में रिक्शा में सवार भावना मकवाणा का सिर धड़ से अलग होकर करीब 10 फूट दूर जाकर गिरा| जबकि रिक्शा में सवार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए| खबर मिलते ही डभोडा पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया| साथ ही अज्ञात कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू की| सतीश/16 अप्रैल