अंतर्राष्ट्रीय
24-Apr-2024
...


-कांग्रेस नेता ने संपत्ति वितरण की जमकर वकालत की और कांग्रेस सिर्फ सुपर अमीरों के लिए काम नहीं करती वॉशिंगटन(ईएमएस)। भाजपा और कांग्रेस के बीच चल रही चुनावी जंग अब और तेज हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित भाजपा के तमाम बड़े दिग्गज नेताओं का आरोप है कि कांग्रेस आम जनता की संपत्ति अपने कब्जे में लेकर उसका बंटवारा कर देगी। इन आरोपों पर कांग्रेस ने, न केवल सफाई दी बल्कि पार्टी अध्यक्ष मल्लिकाअर्जुन खड़गे ने तो खुली बहस की चुनौती दे दी। विवाद थमता इससे पहले अमेरिका में रह रहे ओवरसीज कांग्रेस के चेयरमैन सैम पित्रोदा ने आग में घी का काम कर दिया। उन्होंने अमेरिका का उदाहरण देते हुए कहा कि यहां तो किसी के पास 100 मिलियन डॉलर की संपत्ति है और वह मर जाता है तो उसकी 45 फीसदी संपदा ही बच्चों को मिलती है। इसके अलावा बाकी 55 फीसदी संपत्ति सरकार के पास चली जाती है।बता दें कि राहुल गांधी ने पिछले दिनों देश में संस्थागत और आर्थिक सर्वे कराने और संपत्ति के पुनर्वितरण की बात कही थी। इसे लेकर पीएम नरेंद्र मोदी ने तीखा हमला बोला था और कहा था कि कांग्रेस देश के लोगों की संपत्ति लूटना चाहती है। इस पर कांग्रेस के नेता सैम पित्रोदा का बयान नया बवाल खड़ा कर सकता है। सैम पित्रोदा ने अमेरिकी कानून की बात करते हुए कहा, यह कानून कहता है कि आपने दौलत बनाई और उसका उपभोग किया। अब आप उसे छोड़कर जाएं तो उसका पूरा हिस्सा बच्चों को ही न मिले, कुछ देश को भी मिले। यह अच्छा कानून लगता है। भारत में ऐसा नहीं है। यदि किसी के पास 10 अरब की दौलत है और उसकी मौत हो जाती है तो उसके बच्चों को पूरी संपदा मिलती है, पब्लिक के हाथ कुछ नहीं आता। ये ऐसे मुद्दे हैं, जिन पर लोगों को डिबेट और चर्चा करनी चाहिए। मैं नहीं जानता कि इसका परिणाम क्या होगा, लेकिन जब हम संपदा के पुनर्वितरण की बात करते हैं तो हम नई नीतियों की बात कर रहे हैं। ऐसी योजनाओं की बात कर रहे हैं, जो जनता के हित में हैं। हम ऐसी स्कीमों की बात नहीं करते, जो सिर्फ देश के सुपर अमीरों के लिए ही हों। वीरेन्द्र विश्वकर्मा/ईएमएस 24 अप्रैल 2024