राष्ट्रीय
24-Apr-2024
...


- मुख्यमंत्री शिंदे ने की विरोधियों की करतूतों को परास्त करने की अपील परभणी,(ईएमएस)। विपक्ष द्वारा फैलाई जा रही अफवाहें कि मराठा समुदाय ने परभणी निर्वाचन क्षेत्र में यूबीटी उम्मीदवार बंडू जाधव को समर्थन दिया है, पूरी तरह से झूठ हैं। महाराष्ट्र में आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जरांगे पाटिल की लड़ाई राजनीतिक नहीं बल्कि सामाजिक है यह बात महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कही और उन्होंने लोकसभा चुनाव में भाग नहीं लेने के लिए उन्हें धन्यवाद दिया। उन्होंने मराठा समुदाय से विरोधियों की करतूतों को परास्त करने की भी अपील की। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे महायुति के परभणी लोकसभा क्षेत्र के उम्मीदवार और राष्ट्रीय समाज पार्टी (आरएसपी) के संस्थापक अध्यक्ष महादेव जानकर के समर्थन में पठारी में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों ने मराठा समुदाय का इस्तेमाल केवल वोट और सत्ता के लिए किया और कभी आरक्षण नहीं दिया। वही अब यह अफवाह फैलाने लगे हैं कि कोर्ट उनकी सरकार द्वारा मराठा समुदाय को दिए गए दस फीसदी आरक्षण को रद्द कर देगी। उन्होंने कहा कि यह तय करना हमारी सरकार की जिम्मेदारी है कि मराठा आरक्षण कोर्ट में टिका रहे। उन्होंने कहा कि विपक्ष को बताना होगा कि आरक्षण कोर्ट में क्यों नहीं टिक पाएगा और हम बताएंगे कि यह आरक्षण अदालत में कैसे टिकेगा। सीएम शिंदे ने कहा कि उनकी सरकार ने आरक्षण देते समय कुनबी प्रमाणपत्र भी बांटना शुरू कर दिया। उन्होंने विपक्ष से पूछा कि क्या कभी विपक्ष ने इस समुदाय को इसकी कुनबी स्थिति के बारे कोई सबूत दिया है। सिराज/ईएमएस 24अप्रैल24