राष्ट्रीय
25-Apr-2024
...


पटना (ईएमएस)। आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव दो बार बिहार के सीएम रह चुके हैं। अब चर्चा में हैं लालू की 2 बेटियां, मीसा और रोहिणी। लालू पहली बार 1990 में सीएम बने थे। तब वे जनता दल में थे। 1997 में लालू प्रसाद यादव ने अपनी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल बनाई। 2002 में लालू प्रसाद यादव की पार्टी को बहुमत मिला तब वे राज्यसभा सांसद थे। उन्होंने अपनी पत्नी राबड़ी देवी को सीएम बनाया। 2005 तक आरजेडी सत्ता में रही। लालू प्रसाद यादव 2004 में सांसद बने। लालू प्रसाद यादव यूपीए सरकार में केंद्रीय रेल मंत्री बनाए गए थे। वहीं देश के सबसे बड़े राजनीतिक परिवारों में से एक आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव के परिवार के 5 सदस्य एक्टिव पॉलिटिक्स में हैं। लालू प्रसाद ने पहले अपनी पत्नी राबड़ी देवी को मुख्यमंत्री बनवाया। बाद में अपने 2 बेटों तेजप्रताप यादव और तेजस्वी यादव को विधायक और मंत्री बनाने में सफलता हासिल की। अब आरजेडी प्रमुख अपनी दो बेटियों मीसा भारती और रोहिणी आचार्य को भी पॉलिटिक्स में स्थापित करने में जुटे हैं। इससे पहले लालू प्रसाद यादव छात्र जीवन से ही राजनीति में आ गए थे। 1970 में उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से छात्र जीवन की शुरुआत की। वे 1973 में पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ के अध्यक्ष बने। 1974 में उन्होंने जेपी आंदोलन में हिस्सा लिया। इस दौरान वे जनता दल के नेताओं के संपर्क में आए। लालू प्रसाद यादव ने 1977 में लोकसभा चुनाव लड़ा और 29 साल की उम्र में सांसद बन गए। लालू प्रसाद यादव की सबसे बड़ी बेटी का नाम मीसा भारती है। एमबीबीएस कर चुकी 48 वर्षीय मीसा राज्यसभा सदस्य हैं। मीसा भारती को लालू प्रसाद ने 2014 में पाटलिपुत्र लोकसभा सीट से चुनाव मैदान में उतारा था लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा। अब एक बार फिर मीसा भारती को आरजेडी ने पाटलिपुत्र लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है। मीसा भारती के पति शैलेश कुमार सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं और वो खुद अपनी कंपनी चलाते हैं। दोनों की 2 बेटियां दुर्गा, गौरी और एक बेटा है। ​लालू प्रसाद की दूसरी बेटी रोहिणी आचार्य हैं। रोहिणी भी सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहती हैं। खासतौर पर पिता और भाई के लिए सोशल मीडिया पर लगातार एक्टिव रहती हैं। इस बार रोहिणी को आरजेडी की ओर से सारण लोकसभ सीट के लिए उम्मीदवार बनाया गया है। रोहिणी आचार्या 2022 में अपने पिता लालू प्रसाद को किडनी देकर चर्चा में आई थीं। रोहिणी फिलहाल सिंगापुर में अपने परिवार के साथ रहती हैं लेकिन चुनाव के लिए अब वो भारत आ चुकी हैं। रोहिणी की 2002 में राव समरेश सिंह के साथ शादी हुई और वे कंप्यूटर इंजीनियर हैं। दोनों के तीन बच्चे हैं। पवन सोनी/ईएमएस 25 अप्रैल 2024