राज्य
27-Apr-2024
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। राजधानी दिल्ली में एक नाबालिग ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक महिला को दिन दहाड़े गोली मार दी। गोली से घायल होने के बाद महिला को आनन-फानन में हॉस्पिटल ले जाया गया। हालांकि तब तक बहुत देर हो चुकी थी, डॉक्टर्स की टीम ने महिला को हॉस्पिटल में मृत घोषित कर दिया है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों को तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक यह वारदात दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके के जे ब्लॉक के एक मकान में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी नाबालिग है और उसका महिला की बेटी के साथ लंबे समय से अफेयर चल रहा था। महिला के परिजनों ने इस बात से तंग आकर बेटी को पढ़ने के लिे बाहर हॉस्टल में भेज दिया था। बस यही बात उस सिरफिरे नाबालिग आशिक को नागवार गुजरी। नाबालिग आरोपी अपने दो साथियों के साथ महिला के घर जा पहुंचा। इस दौरान उसने महिला से उसकी बेटी के बारे में पूछताछ की। जब महिला ने बेटी के बारे में कुछ नहीं बताया तो नाबालिग आरोपी आपे से बाहर हो गया। पहले उसने महिला के साथ गाली-गलौज की और इसके बाद महिला को गोली मार दी। नाबालिग आरोपी इससे पहले कई बार लड़की के परिजनों को जान से मारने की धमकी दे चुका था। गोली लगने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। वहीं आस-पास लोग मौके पर इकट्ठा हुआ। उन्होंने देखा महिला खून से लथपथ पड़ी हुई है। इसके बाद उसे तुरंत पास के ही हॉस्पिटल में ले जाया गया। जहां पर महिला को डॉक्टर्स ने मृत घोषित कर दिया। महिला के शरीर को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। वहीं पुलिस ने महिला के घर के पास सुरक्षाकर्मी तैनात किए हैं।