राष्ट्रीय
15-May-2024
...


4 जून को इंडिया गठबंधन बनाएगा सरकार नई दिल्ली (ईएमएस)। देश का अगला प्रधानमंत्री चुनने के लिए चार चरणों की वोटिंग हो चुकी है। लोकसभा की कुल 543 सीटों में 380 सीटों के लिए मतदान हो चुका हैं। इन चार चरणों की वोटिंग के बाद हर कोई हवा का रुख भांपने को कोशिश कर रहा है। यहां बीजेपी से लेकर विपक्षी कांग्रेस सभी अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं। बीजेपी के चाणक्य और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इन चार चरणों में 270 सीटें जीतने का दावा करते हुए 400 का लक्ष्य आसानी से पूरा करने की बात कही। वहीं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने शाह के दावे पर जवाब दिया। कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने दावा किया कि 4 चरण पूरा होने के बाद इंडिया गठबंधन मजबूत स्थिति में है, और चार जून के बाद सरकार बनाएगा। कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे और समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने यह दावा किया। वहीं अखिलेश यादव ने दावा किया कि विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन यूपी में 79 लोकसभा सीटें जीतेगा, और सिर्फ एक सीट पर ही मुकाबला है। खड़गे ने कहा, देश में चुनाव के चार चरण संपन्न हो चुके हैं। विपक्षी इंडिया गठबंधन मजबूत स्थिति में है। मैं पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूं कि हिंदुस्तान की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदाई तय कर दी है। चार जून को ‘इंडिया गठबंधन नई सरकार बनाने जा रहा है। खड़गे ने कहा कि यह देश के भविष्य का चुनाव हैं, सबके हक को बचाने का चुनाव है। उन्होंने कहा, ‘यह लोकतंत्र और संविधान को बचाने का चुनाव है। आज देश में दो विचारधाराओं की लड़ाई है। एक तरफ, गरीबों के पक्ष में लड़ने वाली पार्टियां हैं। दूसरी तरफ, अमीरों के पक्ष में खड़े होने वाले लोग हैं। आशीष दुबे / 15 मई 2024