लॉस एंजिल्स,(ईएमएस)। हॉलीवुड स्टार जेरेमी एलन व्हाइट अपने नए प्रोजेक्ट डिलीवर मी फ्रॉम नोव्हेयर में ब्रूस स्प्रिंगस्टीन की भूमिका निभाने के लिए तैयार हैं। स्प्रिंगस्टीन के 1982 के चर्चित एल्बम नेब्रास्का पर आधारित इस बायोपिक से व्हाइट का पहला लुक सामने आया है। फिल्म का निर्देशन और लेखन स्कॉट कूपर ने किया है और यह वॉरेन ज़ेन्स की इसी नाम की किताब पर आधारित है। नेब्रास्का स्प्रिंगस्टीन के जीवन में मील का पत्थर माना जाता है, जिसे उन्होंने अपने न्यू जर्सी के बेडरूम में बिना बैंड के केवल एक 4-ट्रैक रिकॉर्डर पर रिकॉर्ड किया था। इस एल्बम को संगीत की दुनिया में एक अद्वितीय रचना माना जाता है, जिसने कई पीढ़ियों के कलाकारों को प्रेरित किया है। कास्ट में स्प्रिंगस्टीन के पिता के रूप में स्टीफन ग्राहम, गिटार टेक माइक बैटलन के रूप में पॉल वाल्टर हॉसर और प्रेमिका के रूप में ओडेसा यंग नजर आएंगी। स्कॉट कूपर ने कहा कि स्प्रिंगस्टीन का नेब्रास्का एल्बम उनकी कला को गहराई से प्रेरित करता है, और इस बायोपिक के जरिए से वे सच्चाई और खूबसूरती को दर्शाने की कोशिश कर रहे हैं जो स्प्रिंगस्टीन के संगीत में है। फिल्म की शूटिंग न्यूयॉर्क और लॉस एंजिल्स में जारी है और इसे अगले साल सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा। सिराज/ईएमएस 31 अक्टूबर 2024