07-Apr-2025


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली के कापसहेड़ा में मौजूद वॉटर पार्क में एक हादसा हो गया, जहां रोलर कोस्टर का स्टैंड टूटने और उससे गिरने से एक 24 वर्षीय युवती की मौत हो गई, जो अपने मंगेतर के साथ पार्क गई थी। लड़की की एक महीने पहले ही सगाई हुई थी और कुछ दिन बाद शादी होने वाली थी, लेकिन इससे पहले ही उसके मंगेतर के सामने उसकी मौत हो गई। दिल्ली में घटी एक घटना ने दो परिवारों की खुशियों को उजाड़ कर रख दिया, जहां एक 24 वर्षीय लड़की की मौत हो गई। लड़की की एक महीने पहले ही सगाई हुई थी और वह अपने मंगेतर के साथ कापसहेड़ा के एक वॉटर पार्क गई थी। वहां दोनों ने खूब मौज-मस्ती की। इसके साथ ही दोनों रोलर कोस्टर की सवारी करने के लिए भी गए, लेकिन इसी दौरान हादसा हो गया और फिर लड़की की मंगेतर के सामने ही मौत हो गई। दरअसल, मृतका का नाम प्रियंका था, जो दिल्ली के चाणक्यपुरी की रहने वाली थी। हाल ही में प्रियंका की शादी निखिल नाम के एक लड़के के साथ तय हुई थी। दोनों की जल्द ही शादी होने वाली थी और सगाई हो चुकी थी। गुरुवार को प्रियंका अपने मंगेतर निखिल के साथ मौज-मस्ती करने के लिए कापसहेड़ा के “फन एंड फूड विलेज” वॉटर पार्क गई थी। “फन एंड फूड विलेज” में दोनों ने खूब मस्ती की और फिर रोलर कोस्टर की सवारी करने के लिए गए, लेकिन रोलर कोस्टर राइड ने प्रियंका की जान ले ली। राइड के बीच में ही रोलर कोस्टर का स्टैंड टूट गया, जिससे प्रियंका रोलर कोस्टर से नीचे गिर गई और गंभीर रूप से घायल हो गई। निखिल तुरंत प्रियंका को नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचा। प्रियंका के नाक और कान से खून बह रहा था। इसके साथ ही उसके एक पैर में भी चोट लगी थी। अस्पताल ले जाते ही डॉक्टर ने चेकअप के बाद प्रियंका को मृत घोषित कर दिया। अजीत झा/ देवेन्द्र/ नई दिल्ली /ईएमएस/07/अप्रैल /2025