राष्ट्रीय
24-Apr-2025
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादी हमला हुआ जिसमें करीब 28 लोगों की मौत हुई है। अगस्त 2019 में जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा खत्म होने के बाद यह सबसे बड़ा आतंकी हमला माना जा रहा है। यह हमला तब हुआ जब अमेरिकी उपराष्ट्रपति जे डी वेंस भारत के दौरे पर हैं। यह पहली बार नहीं है जब विदेशी नेताओं और अधिकारियों के भारत यात्रा के दौरान क्रूर आतंकी हमला किया गया है। 20 मार्च, 2000 की रात को आतंकवादियों ने जम्मू और कश्मीर के अनंतनाग जिले के चिट्टी सिंहपोरा गांव में 36 सिख ग्रामीणों को मौत के घाट उतार दिया था। यह भीषण हमला अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन की 21-25 मार्च की यात्रा से ठीक पहले हुआ था। तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने क्लिंटन के समक्ष पाकिस्तान की संलिप्तता का मुद्दा उठाया था। दो साल बाद, जब दक्षिण एशियाई मामलों के लिए अमेरिकी सहायक विदेश मंत्री क्रिस्टीना बी रोका भारत की यात्रा पर थीं, तब 14 मई, 2002 को कालूचक के पास एक आतंकवादी हमला हुआ। तीन आतंकवादियों ने हिमाचल सड़क परिवहन निगम की बस पर हमला कर सात लोगों की हत्या कर दी। इसके बाद वे सेना के पारिवारिक क्वार्टर में घुस गए और अंधाधुंध गोलीबारी की, जिसमें 10 बच्चों, आठ महिलाओं और पांच सैन्यकर्मियों सहित 23 लोग मारे गए। मारे गए बच्चों की उम्र चार से 10 साल के बीच थी। हमले में 34 लोग घायल हुए। आशीष/ईएमएस 24 अप्रैल 2025