नई दिल्ली(ईएमएस)। आज गुरुवार को महाराष्ट्र दिवस है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को बधाई देते हुए कहा है कि राज्य का इतिहास बेहद गौरवशाली है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, भारत के विकास में हमेशा अहम भूमिका निभाने वाले राज्य महाराष्ट्र के लोगों को महाराष्ट्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। जब महाराष्ट्र के बारे में सोचते हैं तो इसका गौरवशाली इतिहास और लोगों का साहस हमारे दिमाग में आता है। यह राज्य प्रगति का एक मजबूत स्तंभ बना हुआ है और साथ ही अपनी जड़ों से भी जुड़ा हुआ है। राज्य की प्रगति के लिए मेरी शुभकामनाएं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी महाराष्ट्र दिवस की बधाई दी। उन्होंने एक्स पर लिखा, सांस्कृतिक पुनर्जागरण की पावन भूमि महाराष्ट्र के लोगों को महाराष्ट्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। चाहे अपने धर्म की रक्षा का संकल्प हो, लोक कला हो, कृषि संस्कृति का विकास हो या देश की आर्थिक समृद्धि हो। महाराष्ट्र ने देश के इतिहास में उल्लेखनीय भूमिका निभाई है। महाराष्ट्र के मेरे भाई-बहन अपने अटूट प्रेम और कड़ी मेहनत के लिए प्रसिद्ध हैं। महाराष्ट्र दिवस के अवसर पर मैं छत्रपति शिवाजी महाराज की भूमि के लोगों को निरंतर प्रगति और समृद्धि की कामना करता हूं। वहीं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अपने सरकारी आवास ‘वर्षा’ पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया और राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। साथ ही महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम और एनसीपी प्रमुख अजित पवार ने महाराष्ट्र दिवस की बधाई दी। उन्होंने एक बयान में कहा, मुंबई के साथ संयुक्त महाराष्ट्र के गठन की 65वीं वर्षगांठ मनाते हुए आज सभी महाराष्ट्रवासी और महाराष्ट्र प्रेमी इस बात पर गर्व महसूस कर रहे हैं कि हमारी राजधानी मुंबई देश का विकास इंजन बन गई है। महाराष्ट्र सबसे उन्नत, प्रगतिशील और सुधारवादी राज्य के रूप में जाना जा रहा है। आइए हम कृषि, उद्योग, व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और सहकारिता जैसे सभी क्षेत्रों में अपने नेतृत्व को बनाए रखते हुए एक सभ्य राज्य के रूप में महाराष्ट्र की पहचान बनाए रखने के लिए दृढ़ संकल्पित हों। वीरेंद्र/ईएमएस/01मई 2025