राष्ट्रीय
03-May-2025


नई दिल्ली,(ईएमएस)। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और चांदनी चौक से पूर्व निगम पार्षद रहे रविंदर कुमार, जिन्हें रवि कप्तान के नाम से जाना जाता था, का शुक्रवार देर शाम गुरुग्राम के एक अस्पताल में निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनके निधन से दिल्ली भाजपा में शोक की लहर है। रवि कप्तान वर्ष 2017 से 2022 तक चांदनी चौक वार्ड से नगर निगम पार्षद रहे थे। हालांकि 2022 में हुए नगर निगम चुनाव में उन्हें उसी सीट से हार का सामना करना पड़ा। रविंदर कुमार वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व विधायक वासुदेव कप्तान के पुत्र थे। उनके निधन पर दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने शोक व्यक्त करते हुए कहा, हमने एक समर्पित, लोकप्रिय और अनुभवी कार्यकर्ता को खो दिया है। भाजपा दिल्ली के मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर ने भी भावुक शब्दों में श्रद्धांजलि दी और कहा कि रविंदर कुमार न केवल उनके व्यक्तिगत मित्र थे, बल्कि एक धार्मिक और गरीबों के हितचिंतक नेता भी थे। हिदायत/ईएमएस 03मई25