राज्य
04-May-2025


नई दिल्ली (ईएमएस)। मंडावली थाना पुलिस ने अवैध रूप से भारत में रह रही छह बांग्लादेशी महिलाओं को हिरासत में लिया है। इन अवैध घुसपैठियों को पुलिस ने बांग्लादेश भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह घुसपैठिए अलग-अलग समय पर बंगाल से होते हुए दिल्ली आई थी। मंडावली पुलिस को 29 अप्रैल को सूचना मिली थी कि धीरज ब्लाक में अवैध घुसपैठिए रह रही हैं। पुलिस ने मीना अख्तर नाम की एक बांग्लादेशी महिला को पकड़ा। उसकी निशानदेही पर पहाड़गंज से चार अन्य घुसपैठियों को पकड़ लिया। इनकी पहचान मीम अख्तर, मीना बेगम, पायल शेख, सोनिया अख्तर, शेख मुन्नी, तानिया खान के रूप में हुई है। बांग्लादेशी महिलाएं दिल्ली में रहकर घरेलू सहायिका व कूड़ा बिनने का काम कर रही थी। आरोपितों ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि बांग्लादेश के कई लोग दिल्ली में रहते हैं, वह उनके जरिये ही बंगाल होते हुए दिल्ली आई थी। झुग्गियों में आकर रहने लगी थी। इनसे पूछताछ कर इनके साथियों का पता लगाया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले, दिल्ली पुलिस ने बांग्लादेशी नागरिकों की अवैध एंट्री भारत में कराने वाले घुसपैठ नेटवर्क का भंडाफोड़ किया और सरगना सहित 11 लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए लोगों में चार बांग्लादेशी और पांच भारतीय भी शामिल हैं, जो चांद मिया नाम के शख्स के लिए काम करते थे। अजीत झा/ देवेन्द्र/ नई दिल्ली /ईएमएस/04/ मई /2025