06-May-2025
...


० उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने की घोषणा, कहा,18 लाख आवास गारंटी की दिशा में ऐतिहासिक कदम रायपुर(ईएमएस)। छत्तीसगढ़वासियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान 13 मई को छत्तीसगढ़ के दौरे पर आ सकते हैं, और इस दौरान राज्य को तीन लाख प्रधानमंत्री आवासों की ऐतिहासिक सौगात देने वाले हैं। यह जानकारी प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने दी है। उपमुख्यमंत्री ने कहा यह केवल एक योजना नहीं, बल्कि गरीबों के सपनों को साकार करने का महायज्ञ है। केंद्र सरकार और राज्य सरकार की मजबूत सहभागिता से छत्तीसगढ़ में 18 लाख आवासों की गारंटी को पूरा करने का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। शर्मा ने दावा किया कि इतनी बड़ी संख्या में प्रधानमंत्री आवास किसी भी अन्य राज्य में नहीं बने हैं। उन्होंने बताया कि 2011 की सर्वे सूची और ‘आवास प्लस’ की लंबित सूची को पूरी तरह से कवर किया जाएगा, और छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य होगा जो प्रतीक्षा सूची से आगे निकल जाएगा। उन्होंने कहा कि जब पहले 8.47 लाख आवास स्वीकृत किए गए थे, तब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्पष्ट निर्देश दिया था कि यदि एक रुपया भी गड़बड़ी मिलती है, तो जिम्मेदार कलेक्टर पर तत्काल कार्रवाई होगी। उपमुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बिना पूर्व सूचना के औचक निरीक्षण पर निकले हुए हैं, जिसके चलते प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है। सीएम का यह कदम सिस्टम में पारदर्शिता और जवाबदेही लाने की दिशा में एक मजबूत संकेत है, शर्मा ने कहा। जातीय जनगणना के मुद्दे पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि यह मुद्दा कांग्रेस के लिए केवल एक ‘राजनीतिक औजार’ रहा है। उन्होंने कहा, नेहरू, इंदिरा और राजीव गांधी के शासन में कभी इस पर पहल नहीं हुई, सिर्फ बयानबाज़ी हुई। वहीं दूसरी ओर सुकमा जिले से एक दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां अज्ञात नक्सलियों ने उपसरपंच मुचाकी रामा की जंगल में हत्या कर दी। घटना सोमवार दोपहर की है, जब वे घर से जंगल की ओर गए थे। शर्मा ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “नक्सलवाद अब पूरी तरह से कायरता की दिशा में बढ़ चुका है, यह आम जनता और उनके बीच का संघर्ष है, जिसे जल्द खत्म किया जाएगा। सत्यप्रकाश(ईएमएस)06 मई 2025