06-May-2025


नई दिल्ली (ईएमएस)। आम आदमी पार्टी ने राहुल गांधी द्वारा सिख दंगे समेत कांग्रेस सरकार में हुई गलतियों को स्वीकारने पर तीखा हमला बोला है। आप की मुख्य प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि राहुल गांधी के दिखावटी प्रेम से जनता सिख दंगे के लिए कांग्रेस को माफ नहीं करने वाली है। प्रियंका कक्कड़ ने राहुल गांधी ने दंगे के जिम्मेदार लोगों को प्रमोट किया था। अब कांग्रेस की गलतियों को मानने से कुछ नहीं होगा। उन्होंने आगे कहा, सिखों के घरों को चिन्हित किया गया। आदमियों को जिंदा जला दिया और महिलाओं का रेप हुआ। जो कांग्रेसी इसके लिए जिम्मेदार थे, उनको लगातार प्रमोशन मिला। कांग्रेस ने किसी का विरोध नहीं किया और किसी को सजा नहीं दी। आप प्रवक्ता ने ये भी कहा सिख दंगे के दौरान बकायादा सिखों को चिन्हित किया गया, बच्चों को मारा गया, लोगों को जिंदा जलाया गया और महिलाओं के साथ रेप किए गए। राहुल गांधी द्वारा गलती स्वीकारने से क्या होगा? उस वक्त अंतर्राष्ट्रीय मीडिया ने कहा था कि यह कवर-अप की जननी है। कोर्ट के फैसले देखें तो लिखा है कि पुलिस और सरकार का नरसंहार में मिलीभगत देख कर हमारा सिर शर्म से झुक गया है। यह बहुत बड़ा नरसंहार था। प्रियंका कक्कड़ ने आगे कहा, इस नरसंहार के लिए जिम्मेदार राज्य सरकार और कांग्रेस के शीर्ष नेताओं के खिलाफ आज तक क्या कार्रवाई हुई? कांग्रेस ने अपने कार्यकाल मे हमेशा सज्जन कुमार और जगदीश टाइटलर को प्रमोट किया और राहुल गांधी के कार्यकाल में ही कमलनाथ को मुख्यमंत्री बनाया गया। राहुल गांधी किस तरह से गलती स्वीकार कर रहे हैं। दिखावटी प्रेम से कुछ नहीं होगा। आम आदमी पार्टी की प्रवक्ता ने कहा निशाना साधते हुए कहा, कांग्रेस को उन नेताओं के खिलाफ एक्शन लेना चाहिए था, जिन पर दंगे में शामिल होने की बात साबित हुई। लेकिन इन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की। दिखावटी प्रेम से जनता इनको माफ नहीं करने वाली है। सिख दंगे में शामिल लोगों को सजा मिलनी चाहिए। राहुल गांधी की अध्यक्षता में सिख दंगों के लिए जिम्मेदार लोगों को प्रमोट किया गया। इसलिए गलती मानने से कुछ नहीं होगा। अजीत झा/ देवेन्द्र/ नई दिल्ली /ईएमएस/06/ मई /2025