नई दिल्ली (ईएमएस)। भारत में अप्रत्याशित मौसम परिवर्तन देखने को मिल रहा है। मई महीने में भीषण गर्मी की बजाय, बारिश, आंधी-तूफान और ओलावृष्टि हो रही है। उत्तर से लेकर दक्षिण भारत तक कई राज्यों में तेज हवाएं और भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक इसी तरह के मौसम की भविष्यवाणी की है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल रही है। मई के महीने में गर्मी का रूप भीषण होता है, लेकिन इस बार ऐसा फिलहाल नहीं दिख रहा है। बारिश, आंधी-तूफान और ओलावृष्टि से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। उत्तर-पश्चिम, पूर्व और मध्य भारत से लेकर पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के इलाकों का हाल ऐसा ही है। मौसम के इस परिवर्तन से लोगों को गर्मी से राहत मिली हुई है। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, देश के अधिकतर इलाकों में अगले तीन दिन तक तेज हवाएं, बारिश और आसमान में बादलों का डेरा रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक, 11 मई तक राजधानी दिल्ली समेत उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और राजस्थान में गरज के साथ बिजली गिरने की संभावना है। वहीं, 30 से 40 किलोमीटर तेज रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा पहाड़ी राज्योंजम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में गरज, बिजली और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना हैं। 9 से 12 मई के दौरान पश्चिम भारत में गरज, बिजली और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। दिल्ली में शुक्रवार और शनिवार को मौसम का बिगड़ा रूप देखने को मिलेगा। दिल्ली में बीते कई दिनों से मौसम सुहावना बना हुआ है। ठंडी हवाओं और बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। रात में लोगों को कूलर और एसी बंद करना पड़ रहा है। दिल्ली वालों के लिए इस वीकेंड मौसम मस्ती भरा रह सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, राजधानी में दो दिन बिजली के साथ तूफान और ओलावृष्टि की संभावना है। रविवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे तथा हल्की वर्षा या बूंदाबांदी हो सकती है। अजीत झा/ देवेन्द्र/ नई दिल्ली /ईएमएस/09/ मई /2025