राज्य
09-May-2025


बादलों की आवाजाही के बीच बूंदाबांदी की संभावना जबलपुर, (ईएमएस)। बादलों ने पारे की उड़ान को रोक दिया है, वहीं पश्चिमी हवाओं और बादलों ने उमस के भाव बढ़ा दिये हैं। बादलों की वजह से दिन में लोगों को धूप से भले ही राहत मिली हो, लेकिन गर्म हवाओं ने गर्मी का अहसास बरकरार रखा है। दिन का तापमान औसत से 3 डिग्री नीचे लुढ़क गया, जबकि रात का तापमान औसत से 2 डिग्री नीचे चल रहा है। मध्य भारत में बने हवा के कम दबाव के क्षेत्र से मौसम में कुछ बदलाव आया है। पारे की उड़ान पर ब्रेक लगा है। लेकिन गर्मी फिर भी बनी हुई है। मौसम विभाग का कहना है कि दो तीन दिन मौसम के मिजाज ऐसे ही रहेंगे, बादल जाएंगे और कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। आसमान पर छाये बादलों ने मप्र के मौसम को कुछ प्रभावित किया है। गर्मी का प्रभाव तो बना हुआ है लेकिन तीखापन कुछ कम हुआ है। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार मध्य भारत के ऊपर बने हवा के कम दबाव के कारण आ रही नमी भरी हवाओं के कारण आसमान पर बादल छा रहे हैं। जबकि पश्चिमी हवाएं वातावरण में गर्माहट बनाये हुये है। बादलों के छाने से लोगों को गर्मी से आंशिक राहत मिली है। पिछले 24 घंटों के दौरान नगर का अधिकत्तम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस सामान्य से 3 डिग्री कम दर्ज किया गया है, वहीं न्यूनतम तापमान 24.0 डिग्री सामान्य से 2 डिग्री कम दर्ज किया गया है। हवा में नमी प्रात: काल 55 प्रतिशत और सायंकाल 36 प्रतिशत आंकी गई। सूर्योदय सुबह 5.31 पर और सूर्यास्त शाम 6.42 मिनिट पर दर्ज किया गया। प्रदेश में सबसे अधिक 39.4 डिग्री तापमान नरसिंहपुर जिले में दर्ज किया गया। उत्तर पश्चिमी हवायें 4 से 5 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चलीं। गत वर्ष आज के दिन का अधिकतम तापमान 36.4 और न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। अगले 24 घंटों के दौरान संभाग के कुछ स्थानों पर गरज चमक के साथ पानी की बौछारें पड़ सकती हैं। सुनील साहू / मोनिका / 10 मई 2025/ 06.09