क्षेत्रीय
10-May-2025


मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई महानगरपालिका ने दक्षिण मुंबई में कर्नाक ब्रिज का काम अंतिम चरण में होने के बावजूद संपर्क सड़कों का काम पूरा नहीं होने पर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई करते हुए करार के उल्लंघन के लिए अब तक 20 लाख रुपये प्रतिदिन की दर से 1 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया है। मनपा प्रशासन का लक्ष्य 10 जून तक इस पुल को खोलना था। पश्चिमी उपनगर अंधेरी में गोखले ब्रिज के पूरा होने के बाद, मुंबई मनपा प्रशासन ने अब कर्नाक ब्रिज को पूरा करने पर ध्यान केंद्रित किया है। रेलवे सीमा के अंदर इस पुल का काम पूरा हो चुका है। हालाँकि, पुल के पहुँच मार्ग पर काम में देरी हो गई है। जिससे आगे के काम में देरी हो गई है क्योंकि पुल के पहुंच मार्ग के लिए आवश्यक गर्डर अभी तक नहीं पहुंचे हैं। इसलिए मनपा प्रशासन ने ठेकेदार को जल्द काम पूरा करने के निर्देश दिए थे। मनपा के अधिकारियों ने कहा कि दंडात्मक कार्रवाई इसलिए की गई क्योंकि पुल के लिए गर्डर 30 अप्रैल तक नहीं पहुंचे। कर्नाक ब्रिज दक्षिण मुंबई के मस्जिद बंदर, छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस और मोहम्मद अली मार्ग क्षेत्रों में नागरिकों के परिवहन के लिए महत्वपूर्ण है। मुंबई मनपा ने लोकमान्य तिलक मार्ग पर स्थित कर्नाक ब्रिज के पुनर्निर्माण का काम अपने हाथ में लिया है, क्योंकि यह खतरनाक हो गया था। इस पुल के गर्डर 30 अप्रैल तक आने थे। इनके न आने पर ठेकेदार पर 1 और 2 मई को 10 लाख रुपए प्रतिदिन के हिसाब से जुर्माना लगाया गया था। इसके बाद भी गर्डर न लाने पर ठेकेदार पर 6 मई तक 20 लाख रुपए प्रतिदिन के हिसाब से जुर्माना लगाया गया। यानी अब तक ठेकेदार पर एक करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया जा चुका है। अगले एक-दो दिन में पुल के गार्डर आ जाने पर ही पुल 10 जून को खुल सकेगा। अन्यथा, पुल निर्माण में देरी होने की संभावना है। - फ्लाईओवर का काम अंतिम चरण में मस्जिद बंदर रेलवे स्टेशन के पास कर्नाक रेलवे फ्लाईओवर का काम अंतिम चरण में है। पूर्वी दिशा में 8 पिलर पूरे हो चुके हैं तथा 40 में से 5 लोहे के गार्डर परियोजना स्थल पर पहुंच चुके हैं। मनपा के अतिरिक्त आयुक्त अभिजीत बांगर ने निर्देश दिया कि दोनों तरफ पहुंच मार्गों का निर्माण 5 जून, 2025 तक किया जाना चाहिए और पुल के मुख्य यातायात लेन का काम 10 जून, 2025 तक पूरा किया जाना चाहिए। स्वेता/संतोष झा- १० मई/२०२५/ईएमएस