मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई में सड़क निर्माण कार्य के दौरान गड्ढे में गिरी कार की घटना को गंभीरता से लेते हुए मुंबई महानगरपालिका प्रशासन ने संबंधित ठेकेदार पर जुर्माना लगाने की चेतावनी दी है। यह घटना गुरुवार दोपहर करीब 2.30 बजे हुई जब गोरेगांव के बांगुर नगर में कृष्णा लीला सोसाइटी के पास सड़क कंक्रीटिंग कार्य के लिए खोदे गए गड्ढे में एक कार गिर गई। मुंबई मनपा ने ठेकेदार को गड्ढे के चारों ओर बैरिकेड्स न लगाने पर जुर्माना लगाने की चेतावनी दी है। मालूम हो कि इन दिनों मुंबई में बड़े पैमाने पर सड़क कंक्रीटिंग का काम चल रहा है। मुंबई मनपा प्रशासन ने संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए एहतियात के तौर पर बार-बार ठेकेदारों को बैरिकेड्स लगाने का निर्देश दिया है। फिर भी ठेकेदार आदेश को नजरअंदाज करते हैं। बांगुर नगर में हुई घटना में यह बात भी सामने आया है कि कंक्रीटिंग का काम चलने के दौरान सुरक्षा के लिए बैरिकेड्स नहीं लगाए गए थे। परिणामस्वरूप, इस मार्ग से गुजर रही एक कार सीधे काम के लिए खोदे गए गड्ढे में जा गिरी। अचानक हुई भारी बारिश के कारण कार्यस्थल पर मौजूद मजदूर बारिश से बचने के लिए वहां से चले गए थे। यहां से गुजर रहे एक वाहन ने जैसे ही दाएं मुड़ने के लिए सड़क पर प्रवेश किया, वह खाई में जा गिरा। दरअसल उसे यह पता नहीं चला कि यहाँ काम चल रहा है। जेसीबी की मदद से कार को गड्ढे से बाहर निकाला गया। मुंबई मनपा के अतिरिक्त आयुक्त अभिजीत बांगर ने कहा है कि कार्यस्थल पर सुरक्षा के उपाय नहीं करने पर ठेकेदार पर जुर्माना लगाया जाएगा। स्वेता/संतोष झा- १० मई/२०२५/ईएमएस