पटना (ईएमएस)। बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा 2025 का परिणाम शुक्रवार को जारी किया गया, जिसमें 21,391 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। हैरान करने वाली बात यह है कि इस बार पुरुषों की तुलना में महिला सिपाहियों की संख्या ज्यादा रही, जबकि पहली बार 8 ट्रांसजेंडर सिपाही भी वर्दीधारी बनने जा रहे हैं। भर्ती के परिणामों के अनुसार, 11,178 महिला सिपाही चुनी गई हैं, जो कि पुरुष सिपाहियों की संख्या (10,205) से अधिक है। यह आंकड़ा स्पष्ट रूप से बताता है कि बिहार में महिलाओं ने पुलिस भर्ती में अपनी प्रभावशाली भागीदारी दर्ज कराई है। इस बार की भर्ती में 8 ट्रांसजेंडर सिपाही भी चयनित हुए हैं, जो राज्य पुलिस बल में विविधता और समावेशिता की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। यह पहल समाज में समानता और सम्मान के संदेश को भी मजबूती देती है। बिहार पुलिस भर्ती बोर्ड ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को 1 जून 2025 से 30 जून 2025 के बीच अपने नियत स्थलों पर योगदान देने का निर्देश दिया है। इस बार भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाए रखने के लिए परीक्षा से लेकर चयन तक की सभी सूचनाएं ऑनलाइन माध्यम से जारी की गईं। बिहार पुलिस भर्ती बोर्ड के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, महिला सिपाहियों की संख्या का बढ़ना यह दिखाता है कि राज्य की महिलाएं अब हर क्षेत्र में अपनी जगह बना रही हैं। इसके अलावा, ट्रांसजेंडर सिपाहियों का चयन पुलिस बल को अधिक समावेशी और विविधतापूर्ण बनाता है। सभी चयनित अभ्यर्थी अपने नियुक्ति पत्र संबंधित जिले के पुलिस कार्यालय या आधिकारिक पोर्टल से प्राप्त कर सकते हैं। योगदान की अंतिम तिथि 30 जून 2025 है और इसके बाद कोई विशेष छूट नहीं दी जाएगी।