रांची(ईएमएस)।पर्यटन, कला संस्कृति मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा है कि रांची के कोकर स्थित बिरसा मुंडा समाधि स्थल का विस्तारीकरण एवं सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। विभागीय मंत्री शनिवार को समाधि स्थल का निरीक्षण कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह स्थल केवल एक समाधि नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत है। यह झारखंड के लोगों की आस्था, आत्मसम्मान और ऐतिहासिक चेतना का प्रतीक है। ऐसे में इस स्थल को एक सुंदर और प्रेरणादायक स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में जल्द काम शुरू होगा। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थल की वर्तमान स्थिति, रखरखाव, साफ-सफाई और संभावित विस्तार की संभावनाओं की समीक्षा की। सौंदर्यीकरण के लिए ये काम होंगे समाधि स्थल के आसपास की उपयुक्त भूमि के अधिग्रहण पर विचार कर प्रस्ताव तैयार करें, ताकि भविष्य में इस ऐतिहासिक स्थल का विस्तार किया जा सके। परिसर में प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा। यहां एक सुंदर पार्क और आगंतुकों के बैठने की समुचित सुविधा विकसित की जाएगी। भगवान बिरसा मुंडा के गौरवशाली इतिहास एवं योगदान से लोगों को अवगत कराने के लिए जानकारी प्रदर्शित करने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा। कर्मवीर सिंह/10मई/25