लखनऊ,(ईएमएस)।उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को मातृ दिवस और राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस के अवसर पर मातृशक्ति और देश के वैज्ञानिकों को शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर दो अलग-अलग सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से अपने भाव प्रकट किए। मातृ दिवस पर उन्होंने सभी माताओं को नमन करते हुए संस्कृत श्लोक साझा किया — या देवी सर्वभूतेषु मातृरूपेण संस्थिता। नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नमः। इस श्लोक के साथ उन्होंने लिखा, “मातृ दिवस की समूची मातृशक्ति एवं प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं! मां, परिवार की एकता एवं सुमति की सेतु होती है। वह संस्कारों की प्रथम शिल्पकार है और हमारे जीवन को केवल जन्म ही नहीं, अर्थ भी प्रदान करती है। समस्त मातृशक्ति का वंदन-अभिनंदन।” इसी दिन राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस पर सीएम योगी ने देश के वैज्ञानिकों के योगदान को भी याद किया। उन्होंने कहा, “हमारे वैज्ञानिकों ने 11 मई को पोकरण में परमाणु परीक्षण कर समर्थ भारत-सक्षम भारत के संकल्प की सिद्धि की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया था। यह दिन भारत की वैज्ञानिक चेतना के उत्कर्ष का प्रतीक है।” उन्होंने दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में हुए परमाणु परीक्षण का एक ऐतिहासिक वीडियो भी साझा किया। मुख्यमंत्री की इन दो महत्वपूर्ण संदेशों ने एक ओर जहां भारतीय संस्कृति में मां की भूमिका को सम्मानित किया, वहीं दूसरी ओर वैज्ञानिक उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त कर नए भारत के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई। हिदायत/ईएमएस 11मई25