राज्य
16-May-2025
...


मुजफ्फरपुर, (ईएमएस)। बिहार के मुजफ्फरपुर में अपराधी लगातार बड़ी घटनाओं को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दे रहे हैं। 14 मई को जमीन कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वहीं 15 मई की देर रात पैक्स अध्यक्ष के बेटे को निशाना बनाया गया। खबर है कि गुरुवार देर रात अपराधियों ने भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या कर दी। मिली जानकारी के अनुसार भाजपा नेता पताही निवासी संजय चौधरी उर्फ रामनवमी अपने साथी गुड्डू सिंह के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। एलपी शाही गेट के पास बाइक सवार अपराधी ने उन्हें रोका। लेकिन रामनवमी ने बाइक की रफ्तार बढ़ा दी। अपराधी ने पीछा कर उनकी बाइक को आगे से रोक लिया। इसके बाद उन्होंने रामनवमी के सीने में गोली मार दी। इस दौरान गुड्डू सिंह के भी हाथ में गोली लग गई। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी वहां से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को बैरिया स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान रामनवमी की मौत हो गई. जबकि गुड्डू सिंह का इलाज चल रहा है। मृतक रामनवमी की मां पैक्स अध्यक्ष हैं और पत्नी रेखा देवी पंचायत समिति सदस्य हैं। सिटी एसपी विश्वजीत दयाल और एसडीपीओ टाउन विनीता सिंह पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि दो तीन महीने पहले मृतक रामनवमी के रिश्तेदार प्रॉपर्टी डीलर टुनटुन चौधरी की भी हत्या की गई थी। संतोष झा- १६ मई/२०२५/ईएमएस