क्षेत्रीय
16-May-2025


ग्वालियर ( ईएमएस ) | ग्वालियर घराने के मूर्धन्य संगीत साधक पं. केशवराव राजहंस (कंपूवाले) और पद्मभूषण पं. राजन मिश्र स्मृति संगीत एवं अलंकरण उत्सव अब 20 मई को मनाया जाएगा। संयोजक अशोक आनंद ने बताया कि उत्सव के अंतर्गत इस बार पद्मश्री मालिनी अवस्थी को अलंकृत किया जाएगा। श्रेष्ठ कलागुरु सम्मान दिल्ली के पं. विजय शंकर मिश्र को दिया जाएगा। इस दौरान मालिनी अवस्थी शास्त्रीय व उपशास्त्रीय गायन की प्रस्तुति देंगी। उनके साथ हारमोनियम पर पं. धर्मनाथ मिश्र और तबले पर पं. रामकुमार मिश्र रहेंगे। मुख्य अतिथि मप्र विधानसभा के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर होंगे। अध्यक्षता क्षेत्र कार्यकारिणी सदस्य राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मध्य क्षेत्र के यशवंत इंदापुरकर करेंगे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में कलेक्टर रुचिका चौहान, संगीत विवि की कुलगुरु प्रो. स्मिता सहस्त्रबुद्धे और निगमायुक्त संघ प्रिय मौजूद रहेंगे। यह संगीत उत्सव शाम 6 बजकर 30 मिनट से नई सड़क स्थित राष्ट्रोत्थान न्यास भवन के स्वामी विवेकानंद सभागार में शुरू होगा।