अपनी पर आ गया तो पजामे के नारे ढीले हो जाएंगे सागर (ईएमएस)। देवरी से भाजपा के विधायक बृज बिहारी पटेरिया अधिकारियों और स्थानीय भाजपा नेताओं से काफी नाराज हैं। उन्होंने देवरी में आयोजित सामूहिक विवाह सम्मेलन में सार्वजनिक रूप से कहा, नगर पालिका क्षेत्र की राजनीति में बाहर के लोग हस्तक्षेप कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, वह अपना क्षेत्र देखें। यदि हमारे क्षेत्र में दखल दिया,तो वह उनके पजामा को ढीले कर देंगे। विधायक पटेरिया ने कहा कि मेरी लड़ाई किसी के पक्ष या विपक्ष से नहीं है। वह अपने मतदाताओं के लिए काम कर रहे हैं। यहां पर लोगों को पानी नहीं मिल रहा है। सफाई नहीं हो रही है। नगर पालिका में भाजपा की ही अध्यक्ष है। इसके बाद भी जिस तरह का भ्रष्टाचार और बाहर के भाजपा नेताओं का हस्तक्षेप हो रहा है।उन्होंने कहा कि वह उसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। नगर पालिका में पार्षदों और अध्यक्ष के बीच में पिछले 4 महीने से विवाद चल रहा है। 15 में से 13 पार्षद भोपाल और दिल्ली में शिकायत कर चुके हैं। इसके बाद भी अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।जिसके कारण विधायक पटेरिया बहुत नाराज हैं। एक तरह से उन्होंने संगठन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सूत्रों की माने तो सागर के विधायक शैलेंद्र जैन देवरी विधानसभा क्षेत्र में लगातार दखल दे रहे हैं।जिसके कारण विधायक पटेरिया की नाराजी देखने को मिली। एसजे/ईएमएस/17/05/2025