वेटिकन सिटी,(ईएमएस)। वेटिकन के सेंट पीटर स्क्वायर में आज रविवार को एक ऐतिहासिक अवसर पर नए पोप लियो-14 का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जा रहा है। इस भव्य आयोजन में भाग लेने के लिए दुनियाभर के शीर्ष नेता, राजनयिक प्रतिनिधि और हजारों श्रद्धालु वेटिकन पहुंचे हैं। यह समारोह भारतीय समयानुसार दोपहर 1:30 बजे से शुरू हो रहा है। परंपरा के अनुसार, शपथ ग्रहण से पहले नए पोप सेंट पीटर की कब्र पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे, जो सेंट पीटर बेसिलिका के अंदर स्थित है। माना जाता है कि सेंट पीटर पहले पोप थे और ईसा मसीह के शिष्य होने के साथ-साथ पेशे से मछुआरे भी थे। करीब दो घंटे तक चलने वाले इस समारोह में नए पोप को विशेष धार्मिक वस्त्र (पलियम) और मछुआरे की अंगूठी (रिंग ऑफ द फिशरमेन) प्रदान की जाएगी। धार्मिक वस्त्र पोप के पदभार ग्रहण का प्रतीक होता है, जबकि अंगूठी उन्हें कैथोलिक चर्च का आधिकारिक प्रमुख और सेंट पीटर का आध्यात्मिक उत्तराधिकारी घोषित करती है। हिदायत/ईएमएस 18मई25