18-May-2025
...


इन्दौर (ईएमएस)। जीपीओ स्थित केन्द्रीय संग्रहालय पर विश्व संग्रहालयदिवस के उपलक्ष्य में राज्य शासन के पुरातत्व अभिलेखागार एवं संग्राहलय द्वारा देश के दो प्रमुख वरिष्ठ मुद्रा विद्वानों, डॉ. शशिकांत भट्ट एवं गिरीश शर्मा आदित्य का सम्मान किया गया। विधायक महेन्द्र हार्डिया के मुख्य आतिथ्य में पुरातत्व विभाग के उप संचालक प्रकाश परांजपे एवं आशुतोष महाशब्दे ने पुष्प गुच्छ, शाल-श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर दोनों का सम्मान किया। इस मौके पर मुद्रा संग्राहक गिरीश शर्मा आदित्य ने अपने विशाल मुद्रा संग्रह एवं अन्य पुरा वस्तुओं के दान का संकल्प दोहराते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वर्तमान सरकार चूंकि सनातन संस्कृति की पक्षधर है, इसलिए भावी पीढ़ियों को देश के स्वर्णित अतीत की जानकारियां मिलती रहेंगी। विधायक महेन्द्र हार्डिया ने विश्व संग्रहालय दिवस पर आयोजित कार्यक्रमों की प्रशंसा करते हुए कहा कि डॉ. भट्ट एवं आदित्य ने अपना पूरा जीवन पुरातत्व और मुद्रा के क्षेत्र को समर्पित किया है। इनका जितना अभिनंदन किया जाए, उतना कम है। निश्चित ही हमारी भावी पीढ़ी को ऐसे कार्यक्रमों से प्रेरणा और ऊर्जा मिलती रहेगी। कार्यक्रम में प्रमुख संग्राहक डॉ. मेजर गुप्ता, राजेन्द्रसिंह, इतिहासकार जफर अंसारी, राजेश पारीक, उमेश कुमार नीमा, आलोक खादीवाला, बहादुरसिंह चौहान, प्रवीण कुमार श्रीवास्तव एवं एस.के. पाटीदार सहित अन्य गणमान्यनागरिक भी बड़ी संख्या में उपस्थित थे। संचालन प्रकाश परांजपे ने किया। उल्लेखनीय है कि केन्द्रीय संग्रहालय इन्दौर देश के महत्वपूर्ण केन्द्रों में शामिल है, जहां प्राग ऐतिहासिक एवं पुरा वस्तुओं सहित सिंधु घाटी के अवशेष भी संरक्षित है। उमेश/पीएम/18 मई 2025 संलग्न चित्र – इन्दौर। विश्व संग्रहालय दिवस पर जीपीओ स्थित केन्द्रीय संग्रहालय पर आयोजित कार्यक्रम में मुद्रा शास्त्री डॉ. भट्ट एवं गिरीश शर्मा ‘आदित्य’ का सम्मान करते पुरात्व विभाग के उप संचालक प्रकाश परांजपे एवं अन्य।