क्षेत्रीय
22-May-2025
...


दक्षिण सामान्य वन मंडल बालाघाट के लालबर्रा परिक्षेत्र अंतर्गत नवेगांव बीट का मामला बालाघाट (ईएमएस). दक्षिण सामान्य वन मंडल बालाघाट परिक्षेत्र लालबर्रा के अंतर्गत आने वाले नवेगांव बीट में नर चीतल का शिकार करने के आरोप में 7 शिकारियों को गिरफ्तार किया गया है। जबकि 1 शिकारी फरार हो गया है। फरार शिकार की वन विभाग तलाश कर रहा है। सभी गिरफ्तार शिकारियों को वारासिवनी न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उन्हें उपजेल भेज दिया गया है। जानकारी के अनुसार वन ग्राम नवेगांव के जंगल में 20 मई को 8 लोगों ने एक पानी के गड्ढे में यूरिया डाल दिया था। पानी पीने के लिए पहुंचे नर चीतल का ग्रामीणों ने शिकार कर लिया। चीतल का मांस काटकर उसे गांव लाने की तैयारी में थे। जिसकी सूचना मिलने पर वन अमला मौके पर पहुंचा। घेराबंदी कर मौके से पहले 2 आरोपियों को पकड़ा। शेष आरोपी मौके से फरार हो गए। आरोपियों के पास से वन अमले ने चीतल का मांस सहित कुल्हाड़ी और दो चाकू बरामद किया है। वहीं शेष फरार 5 आरोपियों को वन अमले ने 21 मई को गिरफ्तार किया। हालांकि, अभी भी एक आरोपी फरार चल रहा है। साथ ही वन विभाग के द्वारा चीतल के सिर सहित शरीर के अन्य अवयवों को दक्षिण सामान्य वन विभाग कार्यालय लालबर्रा परिसर में लाकर दाह संस्कार कर नष्ट कर दिया है। वन विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार इस मामले में टेकाड़ी निवासी गणेश यादव 45 वर्ष, चिचगांव निवासी आनंद 26 वर्ष, श्यामराव 40 वर्ष, धर्मेन्द्र 30 वर्ष, मोहनलाल 52 वर्ष, खैरगोंदी निवासी कृष्ण कुमार 36 वर्ष और राकेश 26 वर्ष शामिल है। विभाग ने सभी आरोपियों के खिलाफ वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया है। इनका कहना है 8 लोगों ने चीतल का शिकार किया था। सूचना पर मौके पर पहुंची टीम ने 2 लोगों को चीतल के मांस व अन्य अवयवों के साथ गिरफ्तार किया। बाद में 5 आरोपियों को और गिरफ्तार किया गया। अभी भी एक आरोपी फरार चल रहा है। जिसकी तलाश की जा रही है। सभी आरोपियों के खिलाफ वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया गया है। -हर्षित सक्सेना, वन परिक्षेत्र अधिकारी, लालबर्रा भानेश साकुरे / 22 मई 2025