छिंदवाड़ा (ईएमएस)। बढ़ते तापमान और तपती धूप के बीच इन बेजुबानों के लिए वन विभाग की ओर से जंगल में पानी की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। जंगल में पोखर सूख चुके हैं। ऐसे में जंगली जानवर पानी की तलाश में जंगल से बाहर आ रहे हैं और हादसे का शिकार हो रहे हैं। वन विभाग की ओर से अभी तक वन्य जीव जंतुओं के लिए पानी की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। जिसकी वजह से जानवर गर्मी के मौसम में व्याकुल भटक रहे हैं। ऐसा ही एक मामला पांढुर्णा के बड़चिचोली सिराठा मार्ग पर सामने आया। जहां हिवरा फोरलेन हाईवे पर अचानक जंगली सुअर का झुण्ड सामने आ गया। इधर बड़चिचोली से सिराठा की तरफ जा रहे बाईक सवार युवक उनसे टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मिली जानकारी के अनुसार बड़चिचोली निवासी वामन धारपुरे अपने साथी लेंडोरी निवासी महेन्द्र दुखी बड़चिचोली से सिराठा की तरफ जा रहे थे, तभी अचानक हाईवे मार्ग पर अचानक जंगली सुअर का झुण्ड आ गया। सड़क पर जंगली सुअर का झुण्ड देख बाईक सवार युवक हड़बड़ा गए और इसी हड़बड़हाट में बाईक सवार जंगली सुअर से टकराकर काफी दूर तक सड़क पर घिसटते हुए चले गए। इस हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आई है। उपचार के लिए इन्हें सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सड़क पर तड़पते रहे घायल सुअर के झुण्ड से टकराने के बाद दोनों घायल युवक करीब आधा घंटे तक सड़क पर तड़पते रहे, लेकिन राहगीरों से मदद मांगने के बाद भी उन्होंने कोई मदद नहीं की। बाद में सूचना पर पहुंचे परिजनों ने 108 वाहन की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जहां उनका उपचार चल रहा है। ईएमएस/मोहने/ 22 मई 2025