खेल
27-May-2025
...


जयपुर (ईएमएस)। मुंबई इंडियंस के आक्रामक बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में अपने आक्रामक अर्धशतक के साथ ही एक अहम उपलब्धि हासिल की है। सूर्या ने इस मैच में महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का 14 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। इसी केसाथ ही सूर्या मुम्बई की ओर से एक सत्र में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बने हैं। सूर्या ने इसी मैच में श्रीलंकाई बल्लेबाज सनथ जयसूर्या के मुंबई की ओर से सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकार्ड भी तोड़ दिया। सूर्यकुमार ने अब तक 14 मैचों में 640 रन बनाये हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड सचिन के नाम था, जिन्होंने साल 2010 में मुम्बई की ओर से 618 रन बनाए थे। सूर्यकुमार ने साल 2023 सत्र में 605 रन बनाए थे। वेस्टइंडीज के लेंडल सिमंस ने साल 2015 में 540 रन बनाए थे। वहीं रोहित शर्मा ने 2013 सत्र में 538 रन बनाये थे। इस सत्र में सबसे ज्यादा बार 25 या उससे अधिक रन बनाने का रिकॉर्ड भी सूर्यकुमार के नाम है। उन्होंने 2025 सत्र में अब तक 14 बार 25 से अधिक रन बनाए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड केन विलियमसन के नाम था, जिन्होंने साल 2018 में 13 बार यह रिकार्ड बनाया था। वहीं शुभमन गिल ने साल 2023 सत्र में 13 बार 25 से अधिक रन बनाये थे। अब टी20 क्रिकेट में लगातार सबसे ज्यादा बार 25 से अधिक रन बनाने का रिकार्ड सूर्यकुमार के नाम है। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के तेम्बा बावुमा के लगातार 13 बार 25 से अधिक रनों का रिकॉर्ड्स तोड़ा। इसके अलावा सूर्यकुमार ने इस सत्र में सबसे अधिक छक्के लगाये। सूर्यकुमार ने अब तक 32 छक्के लगाये हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड सनथ जयसूर्या के नाम था, जिन्होंने साल 2008 में 31 छक्के लगाए थे। वहीं तीसरे स्थान पर ईशान किशन हैं, जिन्होंने 2020 में 30 छक्के लगाये थे। गिरजा/ईएमएस 27मई 2025