ठाणे, (ईएमएस)। ठाणे महानगरपालिका के 67 कर्मचारियों को पदोन्नत किया है और उन्हें वरिष्ठ लिपिक, प्रमुख फायरमैन और सहायक फायर स्टेशन अधिकारी के पदों पर पदोन्नत किया गया है। प्रशासन द्वारा लिए गए इस निर्णय से कर्मचारियों में खुशी का माहौल है। दरअसल ठाणे महानगरपालिका में बीते आठ से दस वर्षों के दौरान कई अधिकारियों और कर्मचारियों के सेवानिवृत्त होने से कई पद खाली थे। इससे नागरिक सुविधाओं का कामकाज प्रभावित हो रहा था। इस बीच, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने महानगरपालिका के अधिकारियों और कर्मचारियों की पदोन्नति के लिए विशेष प्रयास करने का निर्देश दिया था ताकि नागरिकों को मनपा के माध्यम से दी जाने वाली सेवाएं तेजी से प्रदान की जा सकें और कामकाज सुचारू हो सके। तदनुसार, महानगरपालिका के प्रशासक/आयुक्त सौरभ राव ने संबंधित विभाग को मनपा के अधिकारियों और कर्मचारियों को पदोन्नत करने का निर्देश दिया था। जिसके बाद मनपा प्रशासन ने महानगरपालिका के 67 कर्मचारियों को पदोन्नत किया है। इनमें 46 को वरिष्ठ लिपिक, 19 को प्रमुख फायरमैन और 2 को सहायक फायर स्टेशन अधिकारी के पद पर पदोन्नत किया गया है। इस पदोन्नति से मनपा कर्मचारियों में खुशी का माहौल है और सभी कर्मचारियों ने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, मनपा आयुक्त सौरभ राव और मनपा प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है। स्वेता/संतोष झा- २८ मई/२०२५/ईएमएस